रोहतक। अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार चिड़ी गांव का युवक हिमांशु उर्फ भांजा अपनी बहन-बहनोई की हत्या करना चाहता है क्योंकि वह दो साल पहले बहन के प्रेम विवाह किए जाने से नाराज है। इसके लिए वह यूपी के बागपत के पास से अवैध हथियार खरीदकर लाया था। आरोपी ने तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान इस बात का खुलासा किया है। अब मंगलवार को पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी।
स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी एसआई अश्वनी अहलावत ने बताया कि सूचना मिली कि दो युवक कार में सवार होकर चिड़ी से सांघी गांव की तरफ जा रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार हैं। पुलिस ने चिड़ी-सांघी रोड पर कटवाड़ा गांव के मोड़ पर सफेद रंग की कार को रुकवाया।
कार सवार युवकों की पहचान हिमांशु उर्फ भांजा व अजय उर्फ मोढी के तौर पर हुई। आरोपियों के पास से एक-एक देसी पिस्तौल व 8-8 कारतूस मिले। साथ ही कार के डैश बोर्ड में चार देसी पिस्तौल व 11 कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपी हिमांशु ने खुलासा किया कि वह अपनी बहन की हत्या करना चाहता है इसलिए हथियार खरीदकर लाया था।