कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्याकांड को आरोपी सचिन ने अकेले ही अंजाम दिया है। पुलिस की अब तक की जांच में ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला है, जिससे किसी साजिश का पता लग सके। हालांकि, हिमानी की मां सविता कई बार सार्वजनिक तौर पर साजिश की आशंका जाहिर कर चुकी हैं।
विजय नगर निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का 1 मार्च को शव सांपला के पास सूटकेस में मिला था। सांपला पुलिस ने बहादुरगढ़ खंड के गांव खैरपुर निवासी सचिन को गिरफ्तार किया था। साथ में खुलासा किया था कि सचिन व हिमानी सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे पहचान हुई। पैसे के लेनदेन में सचिन ने हिमानी की उसके घर विजय नगर में चार्जर के तार से गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद शव सूटकेस में डालकर सांपला बस स्टैंड के पास फेंक दिया था। मां सविता कह चुकी है कि वह पुलिस की जांच संतुष्ट नहीं है। साजिश के तहत उसकी बेटी की हत्या की गई है। और भी किसी व्यक्ति की केस में भूमिका हो सकती है।
नहीं मिली हिमानी की अलमारी की चाबी
पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह हत्या के बाद हिमानी की अलमारी से जेवरात ले गया। अलमारी की चाबी रास्ते में शव को ले जाते समय फेंक दिया। उसे अब याद नहीं चाबी को कहां फेंका था। ऐसे में पुलिस चाबी बरामद नहीं कर सकी है। आरोपी को तीन दिन के रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेजा जा चुका है।
अब तक की जांच में ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला, जिससे लगे कि केस में आरोपी सचिन के अलावा किसी अन्य की भूमिका है, जहां तक चाबी का सवाल है, आरोपी ने उसे सड़क किनारे फेंका था, लेकिन आरोपी सही जगह नहीं बता पा रहा है।
- इंस्पेक्टर बिजेंद्र, प्रभारी थाना सांपला