02सीटीके15-हिमानी नरवाल। फाइल फाेटो स्रोत : परिजन
रोहतक। हिमानी हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए एसआईटी के अलावा सीआईए और अन्य टीमों ने 24 घंटे में हत्यारों तक पहुंचने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। पुलिस जिस तरह से दावा कर रही है, उससे साफ है कि हत्यारोपी तक पुलिस पहुंच गई है। हालांकि हत्यारोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने विजयनगर से सांपला तक 128 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। इसमें एक फुटेज हिमानी के घर के पास मिली है। उसमें एक युवक सूटकेस को ले जाता दिखाई दे रहा है। हालांकि सीसीटीवी कैमरा दूर था और वह धुंधला दिखाई दे रहा है। यह पता नहीं चल पाया कि वह कौन था? पुलिस को अंदेशा है कि घटना को हिमानी के घर पर ही अंजाम दिया गया हो और फिर शव को फेंका हो। इसकी जांच की जा रही है।
दरअसल, पुलिस को सांपला में हिमानी का शव मिला था। यह बात पहले से साफ है कि हत्या तो सांपला में नहीं की गई थी तो फिर घटना को अंजाम कहां दिया गया। इसे लेकर पुलिस रात में ही जांच करने विजय नगर स्थित मकान पर पहुंची। वहां पर एक-एक वस्तु का निरीक्षण किया गया। इसमें परिजनों ने पुलिस को बताया कि हिमानी को उन्होंने बता रखा था कि किस तरह मकान को बंद करना है। किस तरह गेट का ताला लगाकर चाबी कहां रखनी है, लेकिन जब हिमानी की हत्या के बाद घर पर गए तो देखा कि जिस तरह घर पर ताला लगाया जाता था और कमरों को बंद किया जाता था। यह उनके उलट था। इससे पुलिस को अंदेशा है कि हत्यारों ने घटना को अंजाम उसी के घर पर दिया होगा। हत्यारोपी पहले से परिचित है और इस वजह से कोई शोर शराबा भी नहीं हुआ।
-
शव मिलने से पहले तक स्टेटस किया जा रहा था चेक
हिमानी की हत्या 28 फरवरी की रात को ही कर दी गई थी और शव को सांपला में फेंका गया था मगर दिलचस्प बात यह है कि उनका मोबाइल स्टेटस सुबह 9:30 बजे तक देखा जा रहा था। स्टेटस को देखते हुए हिमानी की हत्या को अफवाह माना जा रहा था। हालांकि अब पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्यारोपियों ने फोन अपने कब्जे में ले रखा था मगर अब पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है और हत्यारोपियों तक पहुंच गई है।
-