खेत में से गुजरती बिजली की लाइन जिसका तार टूटकर गिरा
महम। भराण गांव में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक खेत में चारा लेने के लिए गए था। मृतक की पहचान जींद जिले के देवरड़ गांव निवासी 22 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई है। जितेंद्र भराण गांव में अपने मामा के घर आया हुआ था। वह पशुचारा लेने के लिए दोपहर 1:30 बजे खेत में गया था। मृतक के परिजनों का कहना है कि वह जब खेत में बरसीम काट रहा था तो अचानक वहां से गुजर रही बिजली की लाइन का तार टूट गया। इससे तार उसे छू गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के नाना अंग्रेज ने बताया कि जब वह काफी देर तक खेत से घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। खेत में जाकर देखा तो बिजली की लाइन का तार टूटा हुआ है और उसकी मौत हो चुकी है। उसके बाद परिजन उसे रोहतक ले गए, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। युवक के परिजनों ने बिजली वितरण निगम के अधिकारियों के खिलाफ महम थाने में शिकायत दी है।
सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग
ग्रामीणों ने मृतक के एक परिजन को सरकारी नौकरी व उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक घर में इकलौता कमाने वाला था। इससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। युवक जितेंद्र 12वीं पास था। परिवार का गुजारा चलाने के लिए वह रोहतक में होटल पर जाकर कच्चा कोयला बेचने का काम करता था। जितेंद्र का एक छोटा भाई है, जो 12वीं कक्षा पास करने के बाद सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहा है। यदि जितेंद्र के छोटे भाई को सरकारी नौकरी मिल जाए तो परिवार का गुजारा चल सकता है। ग्रामीणों ने कहा है कि हादसा बिजली वितरण निगम की लापरवाही से हुआ है, इसलिए बिजली निगम द्वारा मृतक के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाए।
वर्जन
घटना को लेकर दुख है। इस बारे विभाग को पत्र लिखा जाएगा। नियमानुसार निगम से हर संभव मदद दी जाएगी।
- संजीत मुदगिल, एसडीओ, उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम महम।
खेत में से गुजरती बिजली की लाइन जिसका तार टूटकर गिरा