प्रदेश में वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर भले ही सख्ती
बरती जा रही हो, लेकिन दूसरे प्रदेशों से आने वाले वाहनों में हाई
सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर अभी कोई योजना ही नहीं है। इसे लेकर सरकार
और परिवहन विभाग में असमंजस की स्थिति है। इस कारण दूसरे प्रदेशों से आने
वाले वाहनों को हरियाणा में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की छूट मिलेगी।
सरकार
ने गत वर्ष वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के आदेश जारी किए
थे। इस नंबर प्लेट को लगवाने के लिए वाहन मालिकों को 1 जनवरी तक का समय
दिया गया था, लेकिन इस अवधि में इक्का-दुक्का वाहन मालिकों ने ही प्लेट
लगवाई।
फिलहाल में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय में इसके लिए रजिस्ट्रेशन
किए जा रहे हैं। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के रजिस्ट्रेशन के लिए लोगों
में मारामारी मची है।
पुलिस की तरफ से भी हर रोज सख्ती बढ़ाई जा रही है।
प्रदेश से रजिस्टर्ड वाहनों में तो यह सिस्टम लगाने का कार्य चल रहा है,
लेकिन उत्तर प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ आदि स्थानों से आने वाले वाहनों में
यह नंबर प्लेट लगाई जाएगी या नहीं, इसे लेकर कोई प्लानिंग नहीं की गई। ऐसे
में फिलहाल दूसरे प्रदेशों के वाहनों को इस सिस्टम में छूट दी गई है।
हरियाणा में रजिस्टर्ड वाहनों के लिए यह है फीस
सरकार
की तरफ से हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए रेट लिस्ट जारी की गई
है। इसके अनुसार बाइक की नंबर प्लेट के लिए 121.22, स्कूटी 140, ट्रक 280
और कार के लिए 365 रुपये की रसीद कटवानी होगी।
दूसरे प्रदेशों से
हरियाणा में आने वाले वाहनों के लिए अभी कोई प्लानिंग नहीं है। इस कारण अभी
उनके लिए छूट रहेगी। इसके बाद अधिकारियों के जो भी आदेश होंगे उनके अनुसार
कार्य किया जाएगा।
- दलबीर फौगाट, एसडीएम रोहतक।