52....152 डी पर हुए हादसे के बाद मौके पर जांच करती एफएस एल की टीम
महम। नेशनल हाईवे नंबर 152-डी पर निंदाना के नजदीक एक ट्रक में दुर्घटना के बाद आग लग गई। इसके कारण हेल्पर अनिल जिंदा जल गया, जबकि दूसरे व्यक्ति की दुर्घटना में लगी चोटों के कारण मौत हो गई। तीसरे व्यक्ति का पैर कट गया है, जो पीजीआई में भर्ती है।
अनिल ट्रक पर हेल्पर के रूप में तैनात था। दूसरे मृतक की पहचान गुरनाम के रूप में हुई है। यह ट्रक पर कंडक्टर का काम करता था। कृष्ण ट्रक चालक था। तीनों ही हिसार जिले के गांव कोथ खुर्द के रहने वाले थे। पुलिस में दी शिकायत में कुलदीप निवासी कोथ खुर्द ने बताया कि वे तीन भाई बहन हैं। अनिल उसका छोटा भाई था। वह ट्रक पर नौकरी करता था। शुक्रवार को उसे सूचना मिली कि नेशनल हाईवे 152-डी पर निंदाना के पास ट्रक दुर्घटना में अनिल की मौत हो गई है। वह मौके पर पहुंचा तो पाया कि दुर्घटना के बाद ट्रक में लगी आग के कारण जल जाने से अनिल की मौत हुई है। जबकि उसी ट्रक में सवार गुरनाम की मौत दुर्घटना में लगी चोटों के कारण हुई है। कृष्ण का पैर कट गया, जिसे गंभीर अवस्था में रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। बताया कि वहां पर एक नंबर प्लेट टूटी हुई मिली जिससे लगता है कि दूसरे ट्रक के कारण यह एक्सीडेंट हुआ है। पुलिस ने नंबर प्लेट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक अनिल का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि अनिल शादीशुदा था। उसकी लड़की दसवीं की छात्रा है, बड़ा बेटा 12वीं पास है। घटना से गांव में शौक की लहर है।