माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। ग्रामीण महिलाओं के बीच बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान, बेहतर उपचार परिणामों व रोकथाम का प्रशासन का दृष्टिकोण मृत्यु दर को कम करने में अत्यधिक सहायक होगा। इसमें स्वास्थ्य वाहिनी शिविरों का आयोजन भी महत्वपूर्ण साबित होगा। यह कहना है सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का। वह सोमवार को सांपला सीएचसी में आयोजित जिला प्रशासन की मोबाइल स्वास्थ्य पहल स्वास्थ्य वाहिनी के तहत चल रहे शिविर का निरीक्षण कर रहे थे।
मंत्री बेदी ने ग्रामीण परिवारों तक स्तन कैंसर जांच एवं व्यापक एनसीडी स्क्रीनिंग को सीधे पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन के वैज्ञानिक एवं समुदाय केंद्रित मॉडल को सराहा। उन्होंने जन स्वास्थ्य के लिए इसे अत्यंत महत्वपूर्ण, समयानुकूल और परिवर्तनकारी पहल बताया।
मंत्री ने सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद आर्य, एसडीएम उत्सव आनंद और सीएचसी इंचार्ज डॉ. रीटा की उपस्थिति में सीएचसी सांपला पर उपलब्ध निदान एवं स्क्रीनिंग सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने एलपीएस बोसार्ड की उपलब्ध कराई गई कैंसर स्क्रीनिंग वैन का अवलोकन किया। उन्होंने सीएचसी परिसर में पौधरोपण भी किया।
उपायुक्त डॉ. सचिन गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य वाहिनी में स्क्रीनिंग, निदान, रेफरल और फॉलोअप की निरंतरता सुनिश्चित की गई है। शिविर 20 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। पीएचसी हसनगढ़ में 21-22 नवंबर को शिविर लगाए जाएंगे।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, डॉ. अर्जुन नरूला, डॉ. रीता गोयल, डॉ. कोमल गोयल, डॉ. मनोज, डॉ. रेवा, डॉ. आशीष व अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
कांग्रेस की नीति, नीयत और नेताओं में खोट : बेदी
- मंत्री कृष्ण बेदी ने सांपला चेयरमैन को पदभार ग्रहण कराया
फोटो 11
सांपला (रोहतक)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बतौर मुख्य अतिथि सांपला मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन उदयभान मलिक व वाइस चेयरमैन बंसीलाल मक्कड़ को सोमवार को पदभार ग्रहण कराया। उन्होंने मंडी में पारदर्शिता, विकास और किसान व्यापारी की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर बल दिया। मंत्री ने कांग्रेस की नीति, नीयत और नेताओं में खोट बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोगों को गुमराह कर रहे हैं। बिहार में हुई पार्टी की भारी जीत पर लोगों का आभार व्यक्त किया। नवनियुक्त चेयरमैन उदयभान सिंह ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि किसानों और व्यापारियों, आम नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, कृष्णमूर्ति हुड्डा, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, मीडिया प्रभारी शमशेर खरखड़ा, राजेश बलियाना, काला बोहर, मंडल अध्यक्ष कपिल खत्री, मंजीत ओहलायन, देव राज सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संवाद
11. रोहतक के सांपला में नवनियुक्त चेयरमैन को पदग्रहण कराते मंत्री कृष्ण बेदी। संवाद