महम। साक्षी मलिक राजकीय महाविद्यालय, मोखरा में सोमवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोखरा के मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ कॉलेज के विद्यार्थियों व ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
कार्यक्रम में शुगर, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, बीएमआई, दंत स्वास्थ्य एवं सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गईं। दिव्या गोसाई द्वारा अंगदान विषय पर जागरूकता व्याख्यान दिया। यहां 100 से ज्यादा विद्यार्थियों व ग्रामीणों को अंगदान के महत्व, मानव जीवन बचाने में उसकी भूमिका तथा समाज में इसके सकारात्मक प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. मीनू नैन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अजय कुमार एवं डॉ. सोनिया रहे।