रोहतक। शहर के गढ़ी मोहल्ले में निजी अस्पताल की हेड नर्स अंजली (32) की इंजेक्शन से मौत हो गई। वह उच्च रक्तचाप से पीड़ित थीं। सिटी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद वीरवार को शव परिजनों को सौंप दिया।
गढ़ी मोहल्ला निवासी जगदीश ने बताया कि उनकी तीन बेटियां व एक बेटा है। बेटी अंजली शीला बाईपास के पास निजी अस्पताल में हेड नर्स के तौर पर नौकरी करती थीं।
बुधवार दोपहर सूचना मिली कि अंजली अचानक बेहोश हो गई। तुरंत उसे निजी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टरों मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर सिटी थाने से महिला एसआई मीनाक्षी दहिया मौके पर पहुंचीं। शव को पीजीआई में रखवाया गया है। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। विसरा जांच के लिए सुनारिया स्थित लैब में भेजा गया है।
पिता जगदीश, चाचा अनिल व भाई सन्नी ने बताया कि अंजली सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती थी। इसके लिए पिछली बार भी परीक्षा दी थी लेकिन सूची में नाम नहीं आया था। वह निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। उसे उच्च रक्तचाप की शिकायत थी। जब वे उसे निजी अस्पताल में ले गए तो वहां डॉक्टरों ने बताया कि अंजली ने ठीक होने के लिए इंजेक्शन लगा रखा है। दवा के असर से उनकी मौत हुई है।