फोटो 63 :कोबी से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक करते प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी ।स्रोत कोब
बहादुरगढ़। औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण मानकों के प्रभावी अनुपालन और विभाग व उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) बहादुरगढ़ की रीजनल ऑफिसर स्मिता कनोडिया की अध्यक्षता में उद्योगपतियों के साथ बैठक हुई। इसमें झज्जर जिले के उद्योगों का प्रतिनिधित्व करने वाली कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) ने भी हिस्सा लिया। कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग की अध्यक्षता में महासचिव प्रदीप कौल, सदस्य अनिल गोयल, अंकुर बंसल, सतीश बंसल सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरणीय अनुपालनों पर चर्चा हुई। स्मिता कनोडिया ने रेड कैटेगरी की इकाइयों को मानकों का गंभीरता से पालन करने तथा फूड, टेक्सटाइल और मेटल इंडस्ट्री की इकाइयों को ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम नियमित अपडेट रखने के निर्देश दिए। स्ट्रेट हेड वाली चिमनियों को मानकों के अनुरूप अपडेट करने और स्पाइरल हेड की व्यवस्था न होने वाली इकाइयों को दो सप्ताह में सुधार कराने को कहा गया। एयर पॉल्यूशन कंट्रोल डिवाइस समेत अन्य उपकरणों को कार्यशील रखने पर जोर दिया गया।
स्मिता कनोडिया ने हर माह बैठक आयोजित करने की बात कही। प्रदीप कौल ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण उद्योग और विभाग की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा मासिक बैठकें बेहतर समन्वय की सकारात्मक पहल हैं।