सांपला (रोहतक) । हसनगढ़ गांव के पास से गुजरने वाली माइनर में रविवार को बच्चे को बचाने के लिए नहर में उतरा व्यक्ति खुद ही डूब गया। पुलिस ने गोताखोर टीम बुलाकर उसे तलाश किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बच्चे को दूसरे युवकों ने बचा लिया।
हसनगढ़ निवासी 55 वर्षीय राजवीर के परिवार में दिल्ली से कुछ मेहमान के बच्चे गांव में आए हुए थे। वह रविवार दोपहर बाद बच्चों को माइनर पर नहलाने के लिए ले गया। बताया कि एक बच्चा नहर में डूबने लगा तो राजवीर ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी। इसके अलावा अन्य रोहना गांव के युवक भी पहले से नहर में नहा रहे थे। बच्चे और राजवीर को डूबता देख युवकों ने बच्चे को तो बचा लिया, लेकिन राजवीर डूब गया। घटना की सूचना राजवीर के परिवार व पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची।
राजबीर की तलाश में कई युवक माइनर में उतारे, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा। बाद में पुलिस ने गोताखोर टीम को भी बुलाया। टीम ने करीब 2 किलोमीटर लंबे क्षेत्र तक राजवीर की तलाश की, लेकिन देर शाम तक कहीं पता नहीं लगा। राजवीर के डूबने की सूचना पाकर परिवार के अलावा गांव के भी काफी लोग माइनर पर पहुंच गए। लोगों ने प्रशासन से राजवीर की तलाश करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई थी। व्यक्ति की तलाश में गोताखोर टीम जुटी है।
-सुलेंद्र, थाना प्रभारी