शुकपुरा चौक स्थित रोडवेज कार्यालय में तालमेल कमेटी की मिटिंग के दोरान मौजुद रोडवेज कर्मचारी ।
रोहतक। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी की रविवार को शहर के सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में हुई बैठक कमेटी ने किमी स्कीम के विरोध में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया। एकजुटता से फैसला लिया कि छह जनवरी की शाम को रोडवेज कर्मी मशाल जुलूस निकालेंगे। सात-आठ जनवरी को प्रदेश में चक्काजाम किया जाएगा।
तालमेल कमेटी की प्रदेश स्तरीय बैठक में कमेटी के वरिष्ठ सदस्य वीरेंद्र सिंह धनखड़, इंद्र सिंह बधाना, दलबीर किरमारा, अनूप सहरावत ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार की तानाशाही व हठधर्मिता के चलते प्रदेश के कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर हैं। सरकार किलोमीटर स्कीम के तहत प्राइवेट बसें चलाने के फैसले पर अडिग है। इससे पहले भी सरकार ने 510 प्राइवेट बसें किमी. स्कीम के तहत चलाने का प्रयास किया था। इसमें करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये का घोटाला सामने आया था। सरकार ने घोटाले में शामिल दोषियों को सजा देने की बजाए किमी. स्कीम के तहत 190 बसें चलाने का निर्णय लिया है, जिससे साबित होता है कि सरकार घोटाले को दबाकर अपने चहेते पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है। जनता से सीधा सरोकार रखने वाले परिवहन विभाग का निजीकरण करने पर तुली है। प्रदेश के रोडवेज कर्मचारी इसे किसी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि गत वर्ष भी इसी स्कीम के विरोध में लगातार 18 दिन प्रदेश में हड़ताल की गई थी। जिसे पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने हस्तक्षेप करके खुलवाया था।
उपमुख्यमंत्री व विपक्ष नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा से स्थिति स्पष्ट करने की मांग
कर्मचारी नेताओं ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी सवाल किया कि वह किमी. स्कीम के बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट करें। गौरतलब है कि गत वर्ष की सफल हड़ताल में मौजूदा उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व प्रतिपक्ष नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कर्मचारियों का समर्थन किया था। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सत्ता में साझेदार उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला आज क्यों इस विषय को लेकर चुप हैं। कर्मचारी नेताओं ने सरकार को चेताया कि लोकतांत्रिक तरीके से की जा रही हड़ताल में कहीं भी दमनकारी नीति अपनाई गई तो कर्मचारी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने प्रदेश की जनता व सभी कर्मचारी संगठनों से अपील कि सात-आठ जनवरी को अपनी यात्रा का कार्यक्रम स्थगित करते हुए जनहित में की जाने वाली हड़ताल में रोडवेज को बचाने के लिए सहयोग करें। इस अवसर पर तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता सतीश सेठी, सरबत सिंह पुनिया, ओमप्रकाश ग्रेवाल, दिनेश हुड्डा, पहल सिंह तंवर, आजाद गिल आदि ने विचार रखे।