हरियाणा में भाजपा और जजपा गठबंधन टूटने के साथ एक्स (पूर्व ट्विटर) पर नेताओं में जुबानी जंग छिड़ गई है। कल तक जो साथ उठते बैठते थे, वे एक-दूसरे पर शेरो-शायरी से हमला बोल रहे हैं। गठबंधन सरकार में डिप्टी सीएम रहे दुष्यंत चौटाला पर हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह ने करारा हमला बोला है। बृजेंद्र ने राजनीतिक घटनाक्रम पर दुष्यंत पर निशाना साधते हुए लिखा है, मैं ज्यादा शायरी तो नहीं जानता, पर आज के हरियाणा के घटनाक्रम से ये शब्द याद आ रहे हैं- 'बड़े बेआबरू होकर तेरे कूचे से हम निकले'।
दो दिन पहले दुष्यंत ने पार्टी बदलने पर बृजेंद्र सिंह पर बोला था हमला
दरअसल, सांसद बृजेंद्र सिंह ने दो दिन पहले जब भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली थी तब दुष्यंत चौटाला ने एक्स पर पोस्ट डालकर उन पर हमला जुबानी किया था। दुष्यंत ने एक्स पर लिखा था, दर-दर पे जाकर दुआ बदलते हैं। लोग खुद नहीं बदलते, खुदा बदलते हैं। मंगलवार को बृजेंद्र सिंह ने गठबंधन टूटने पर दुष्यंत की उस पोस्ट पर शायराना अंदाज में पलटवार किया है।
दीपेंद्र ने लिखा खेल खत्म
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने भी गठबंधन सरकार टूटने पर एक्स पर पोस्ट डालकर जजपा पर निशाना साधा। दीपेंद्र ने लिखा है, खेल खतम, पैसा हजम। जेजेपी पे...। यही नहीं दीपेंद्र का कुछ दिन पुराना पोस्ट भी वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते हैं, भाजपा और जजपा में समझौता तोड़ने का भी समझौता हो गया है। देखना ये समझौता तोड़ेंगे।
अभय ने लिखा, होना ही था बर्बाद
इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला ने एक्स पर लिखा है, गद्दारी हो जिसकी बुनियाद, अंजाम-ए-मीनार होना ही था बर्बाद। वहीं इनेलो पार्टी की तरफ से ट्वीट किया गया है, न खुदा ही मिला न विसाल-ए-सनम... न इधर के रहे न उधर के रहे...।