सम्मेलन में पहुंचे राष्ट्रीय संयोजक चौधरी यशपाल मलिक व अन्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक यशपाल मलिक का कहना है कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार जाट समाज को ओबीसी में आरक्षण दे, नहीं तो जाट समाज वोट की चोट देगा। मलिक रविवार को हरियाणा के रोहतक के जसिया में छोटूराम जयंती समारोह में जाट समाज के मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मलिक ने कहा कि आरक्षण आंदोलन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार ने जाट समाज को ओबीसी में आरक्षण देने सहित अन्य मांगों को पूरा करने का वादा किया था, जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है। सरकार जल्द समाज के साथ दिए गए वादे को पूरा करें।
उन्होंने सम्मेलन में मौजूद लोगों का आह्वान किया कि फिर से योजनाबद्ध तरीके से आंदोलन चलाना होगा। आरक्षण न मिलने तक आंदोलन के साथ-साथ राजनीतिक निर्णय लेने के लिए भी तैयार रहना होगा। कहा कि सरकार जाट समाज को राजनीतिक विरोध करने के लिए मजबूर कर रही है।