हरियाणा के रोहतक में मानहानि केस में गुरुवार को मस्तनाथ मठ के महंत और राजस्थान की तिजारा सीट से विधायक बाबा बालकनाथ अदालत में पेश हुए, जहां बचाव पक्ष की तरफ से आरोपी और पूर्व विधायक बलजीत यादव की मौजूदगी में सवाल किए। पूछा आखिर उनकी मानहानि कैसे हुई। एक घंटे तक महंत बालकनाथ से सवाल किए गए। अब आठ फरवरी को आगे के सवाल-जवाब होंगे।
महंत के वकील जितेंद्र हुड्डा ने बताया कि मार्च 2021 में अलवर में बहरोड़ के तत्कालीन विधायक बलजीत यादव ने बाबा बालकनाथ योगी के प्रति अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया और निराधार आरोप लगाए। उस समय बाबा बालकनाथ अलवर लोकसभा सीट से सांसद थे। सांसद पद से त्यागपत्र देकर बाबा बालकनाथ ने तिजारा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
वकील ने बताया कि आरोपों के चलते बाबा बालकनाथ की मानहानि हुई है। क्योंकि बाबा बालकनाथ न केवल सांसद हैं, बल्कि मस्तनाथ मठ अस्थल बोहर के महंत भी हैं। उनके अनुयायियों को तत्कालीन विधायक के शब्दों से ठेस पहुंची है। महंत की तरफ से जिला अदालत में 6 सितंबर 2021 को याचिका दायर की गई थी। याचिका के बाद तभी से जिला अदालत में सुनवाई चल रही है।