रोहतक में केजरीवाल ने अपने भाषण में भाजपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि केंद्र सरकार उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही है, लेकिन वह जनता की सेवा करने के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने हरियाणा के मतदाताओं से अपील की कि वे उन्हें एक मौका दें ताकि वह राज्य की सेवा कर सकें।
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तैयारी के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रोहतक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। अपने भाषण में केजरीवाल ने कहा कि आपका बेटा दिल्ली, पंजाब में सत्ता में है - हरियाणा जो मेरा जन्म स्थान है और दोनों राज्यों के बीच में आता है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि मुझे आपकी सेवा करने का मौका दें।
विज्ञापन
उन्होंने भाजपा की नीतियों और उनके साथ किए गए व्यवहार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले, उन्होंने (भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार) मुझे पांच महीने के लिए जेल में डाल दिया। उन्होंने मेरी दवाएं भी बंद कर दीं। मैं मधुमेह का रोगी हूं और मुझे दिन में चार बार इंसुलिन का इंजेक्शन दिया जाता है, लेकिन उन्होंने सब कुछ बंद कर दिया। उन्हें लगा कि वे केजरीवाल को तोड़ पाएंगे, लेकिन उन्हें नहीं पता कि वे हरियाणा के इस बेटे को नहीं तोड़ पाएंगे।