जिले में धारा 144 की घोषणा करना और उसे लागू करवाने का अब कोई असर होता नहीं दिख रहा है। जो जिला प्रशासन परीक्षाओं में ही धारा 144 लागू नहीं करवा पाया, उससे दंगों में इसे लागू करवाने की उम्मीद करना बेमानी था। दंगों में कर्फ्यू और धारा 144 लागू करवाने में नाकाम रहा प्रशासन परीक्षा की घड़ी में भी फिसड्डी साबित हुआ।
मंगलवार को शुरू हुई हरियाणा बोर्ड की परीक्षाओं में धारा-144 की सरेआम धज्जियां उड़ीं। पहले ही दिन व्यवस्थाओं में खामियां सामने आ गईं। शहर में परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर पुलिस की मुस्तैदी के दावों के बावजूद केंद्र के बाहर काफी संख्या में युवक हाथों में किताबें लिए बैठे दिखाई दिए। वहीं केंद्रों के अंदर बिखरी हुई पर्चियां दावों की पोल रही थीं। ग्रामीण क्षेत्र में उड़न दस्तों ने सुबह और शाम के समय करीब 12 नकलची पकड़े।
इससे पहले, मंगलवार सुबह 11 बजे एचबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हुईं। पहले दिन रोहतक और महम उप मंडल के 62 केंद्रों में 10वीं की हिंदी तो 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा हुई। दोनों उपमंडल में 12वीं के लिए 52 केंद्र बनाए गए। जिसमें 12वीं के रेगुलर और रि-अपीयर 15,764 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। अधिकतर परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों ने जमीन पर बैठकर ही परीक्षा दी।
ये रहे सरकारी इंतजाम
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुपरिंटेंडेंट और चीफ सुपरिंटेंडेंट के अलावा एक-एक ऑब्जर्वर की ड्यूटी लगाई गई।
गांवों में बने केंद्रों पर असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए सरपंच और पंचों को जिम्मेदारी लगाई गई।
डीईओ, बीईओ और बोर्ड के उड़न दस्तों की भी केंद्रों पर बराबर नजर रही।
29 मार्च तक धारा-144
डीसी डी. के. बेहेरा ने परीक्षाओं के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी है। 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट मशीनों के संचालन व हथियार रखने पर पूर्णतया पाबंदी रहेगी। केंद्रों में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ व परीक्षार्थियों के अलावा कोई भी प्रवेश नहीं कर सकेगा। 29 मार्च तक ये परीक्षाएं होंगी।
यहां पकड़े 12 नकलची
बोर्ड परीक्षा नियंत्रक अधिकारी ईश्वर सिंह जांगड़ा ने बताया कि उड़न दस्तों ने 12 नकलची पकड़े। जिसमें सिंहपुरा व सुंदरपुर में 4, चमारिया में 5, कंसाला में 2 और रिठाल में 1 नकलची पकड़ा गया।
आज गृह विज्ञान की परीक्षा
बुधवार को सुबह की पाली में 10वीं के प्रथम सेमेस्टर की हिंदी परीक्षा होगी। सुबह और शाम की पाली में 12वीं की गृह विज्ञान व इंटरप्रेन्योरशिप परीक्षा होगी।
कंट्रोल में रहे हालात
जिले में पहले दिन शांतिपूर्वक ढंग से परीक्षा हुई है। इस बार शहर में मॉडल टाउन, गांधी नगर और आर्य नगर में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए थे। संवेदनशील केंद्रों में काफी संख्या में पुलिस तैनात रही। जाट स्कूल और सैनी स्कूल के बाहर फोर्स होने की वजह से हालात थोड़े कंट्रोल में रहे। ग्रामीण इलाकों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सरपंचों को जिम्मेदारी दी गई है। पहले दिन रिठाल, कंसाला, चमारिया, सांघी, सुंदरपुर केंद्रों का दौरा किया। यहां स्थिति कंट्रोल में ही दिखाई दी।
सत्यवती नांदल, जिला शिक्षा अधिकारी, रोहतक।