रोहतक। जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता के मेंस सिंगल्स में वंश ने गौतम को हराकर जीत हासिल की। डबल्स में अंशुल व सन्नी ने साहिल व विमल की जोड़ी को हराया। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में हर्ष व सीरत की जोड़ी, अमन व अक्षिता की जोड़ी को हराकर विजेता बनी है। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आईएमटी स्थित एसआरएस स्कूल में आयोजित 34वीं जिलास्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। पांच दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बैडमिंटन एसोसिएशन आफ इंडिया के उपाध्यक्ष व हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अजय सिंघानिया ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुमित शर्मा मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि अजय सिंघानिया ने कहा कि हरियाणा के बैडमिंटन खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में जीत हासिल कर हरियाणा का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों की हमारे जीवन में अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने में अहम भूमिका है।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि विभिन्न आयु वर्गों के जिलास्तरीय मुकाबलों में लगभग 500 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। सभी विजेता और रनर अप खिलाडियों को मुख्य अतिथि अजय सिंघानिया, जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह पंवार व पदाधिकारियों ने प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि विजेता खिलाड़ी राज्यस्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में जिला रोहतक का प्रतिनिधित्व करेंगे। समारोह में टूर्नामेंट को-ऑर्डिनेटर रितेश दलाल, सचिव उमेद शर्मा, ऋषिराज, पवन सोलंकी सहित अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
अंडर-19 के गर्ल्स सिंगल में गरिमा ने सीरत, डबल्स में अर्शिता व शायना की जोड़ी ने अक्षिता व खुशी, बॉयज सिंगल्स में यश, डबल्स में पार्थ व यश की जोड़ी ने आर्यन व वंश, मिक्स्ड डबल्स में यश व खुशी की जोड़ी ने सुजल व सीरत को हराया।
देवांगना व ईशु की जोड़ी ने आरोही व अक्षिता को किया पराजित
यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि अंडर-09 गर्ल्स सिंगल्स में सावी ने राशिका, बॉयज सिंगल में पलवित ने करण प्रताप सिंह, बॉयज डबल्स में दक्ष व पलवित की जोड़ी ने करण प्रताप सिंह व मोक्ष की जोड़ी, गर्ल्स सिंगल्स में देवांगना ने सृष्टि, गर्ल्स डबल्स में देवांगना व ईशु की जोड़ी ने आरोही व अक्षिता को पराजित किया। बॉयज सिंगल में मनवीर, बॉयज डबल्स में मनवीर व विश्वेंद्र की जोड़ी ने कनिष्क व सक्षम को हराया। अंडर-13 गर्ल्स सिंगल्स में प्राशी ने देवांगना, गर्ल्स डबल्स में प्राशी व नायशा की जोड़ी ने अलीना व उदिता, बॉयज सिंगल्स में पर्व ने कुंवरजीत व बॉयज डबल्स में जीवांश व पर्व की जोड़ी ने यश व दीपांशु को हराया।
-
अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में पूर्व ने हरमन को हराकर जीता मैच
अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब अश्मी ने प्राशी, गर्ल्स डबल्स में दक्षा व लाय्शा की जोड़ी ने तनिषा व वानी, बॉयज सिंगल्स में पूर्व ने हरमन, बॉयज डबल्स में गुनित व यक्षांश की जोड़ी ने आयुष व श्रेयांश, मिक्स्ड डबल्स में अरमान व दक्षा की जोड़ी गुनित व न्याशा को हराकर विजेता बनी। अंडर-17 के गर्ल्स सिंगल्स में खुशी, अक्षिता, गर्ल्स डबल्स में अक्षिता व खुशी की जोड़ी ने अश्मी व जानिया, बॉयज सिंगल्स में जतिन ने दक्ष, बॉयज डबल्स में रितिक व यश की जोड़ी ने आदित्य व हृतिक, मिक्स्ड डबल्स में रितिक व अक्षिता की जोड़ी ने यश व खुशी को पराजित किया।