फोटो :: प्रशिक्षक रविंद्र छिक्कारा से आशीर्वाद लेते पहलवान हार्दिक। स्रोत प्रशिक्षक
सोनीपत। युवा पहलवान हार्दिक ओहल्याण ने अंडर-17 ओपन रैंकिंग नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश के नंदिनी नगर गोंडा में छह से आठ जून तक आयोजित प्रतियोगिता में हार्दिक ने ग्रीको रोमन शैली के 110 किलोग्राम भारवर्ग में उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
मूल रूप से रोहतक जिले के सांपला निवासी हार्दिक वर्तमान में सोनीपत के मयूर विहार स्थित रविंद्र छिक्कारा कुश्ती अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने कड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और रजत पदक अपने नाम किया।
प्रशिक्षक रविंद्र छिक्कारा ने बताया कि हार्दिक पिछले कई वर्षों से अकादमी में लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनकी लगन, अनुशासन और संघर्ष का ही परिणाम है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि हार्दिक देश का नाम रोशन करेंगे।