बादाम व पनीर लच्छा और केसर युक्त खीर से बाबा मस्तनाथ मठ में वीआईपी मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। मठ में बाबा मस्तनाथ की समाधिक पर स्वर्ण कलश स्थापना समारोह में आने वाले अन्य श्रद्धालुओं के लिए शाही खीर बनेगी। यही नहीं, समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों व संतों के भोजन का मेन्यू भी तैयार हो गया है।
बाबा मस्तनाथ मठ में 11 और 12 अक्तूबर को कलश स्थापना समारोह की तैयारियां जोरों पर है। इसके तहत टेंट हाउस कर्मचारी वाटर प्रूफ टेंट लगाने व हलवाई ने मिठाई बनाने में जुटे हैं। इसके लिए करीब 300 लोगों की टीम लगातार काम करेगी। दो दिवसीय समारोह में करीब साढ़े तीन लाख लोगों के आने की उम्मीद है।
ये होंगे कार्यक्रम में शामिल
11 अक्तूबर को कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पहुंचेंगे जबकि 12 अक्तूबर को गाेरक्षपीठाधीश्वर अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन राव भागवत, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से योगगुरु स्वामी रामदेव व जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि समेत कई संत कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
यह रहेगा मेन्यू में शामिल
भंडारे में आने वाले करीब साढ़े तीन लाख लोगों के लिए लड्डू, जलेबी, बालूशाही, गोंदपाक, बर्फी, बेसन बर्फी, हलवा व आइस्क्रीम समेत आठ मिष्ठान परोसे जाएंगे। पेयजल व्यवस्था के तहत नारियल पानी, जलजीरा, बोतलबंद पानी रहेगा। लच्छा पराठा, मिस्सी रोटी, तवा रोटी, नान के अलावा पूरी व चावल मेन्यू का हिस्सा रहेंगे। सलाद, रायता, काॅफी और 15 तरह के स्नेक्स परोसे जाएंगे। भंडारे में आठ तरह की सब्जियां बनाई जाएंगी। इसमें शाही पनीर, मटर पनीर, मलाई कोफ्ता, पेठा, मिक्स वेज, सोया चाप, दला मखनी, मूंग दाल शामिल है। इन्हें दोनों दिन बदल-बदल कर परोसा जाएगा।
मठ में पिछले तीन दशक से अपनी निशुल्क सेवा दे रहा हूं। इस बार भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यहां आने वाले साढ़े तीन लाख मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था के लिए 300 लोगों की टीम काम कर रही है। यहां 450 बोरी चीनी मिष्ठान में लगेंगी। इसके अलावा 800 टिन देसी घी प्रयोग होगा। वीआईपी व अन्य मेहमानों का मेन्यू तैयार हो गया है। खाने में आठ तरह के मिष्ठान परोसे जाएंगे। रुहआफजा खीर खास वीआईपी के लिए बनाई जाएगी।
श्रवण कुमार, हलवाई, बाबा मस्तनाथ मठ।