सोनीपत। शिक्षा विभाग राजकीय विद्यालयों में कला शिक्षकों व विद्यार्थियों की प्रतिभा को उजागर करने के लिए अनूठा प्रयास करने जा रहा है। विद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों में अतिथियों का फ्लावर पोर्ट, बुके या गमले देकर स्वागत करने के बजाय विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई पेंटिंग से उनका सत्कार किया जाएगा।
इस कार्य के लिए योजना तैयार की जा रही है। इस योजना से जहां विद्यार्थियों की ओर से कागज पर उकेरी जाने वाली कला अतिथि सत्कार का सहारा बनेगी, वहीं आर्थिक खर्च में कटौती होगी। विभाग की ओर से राजकीय विद्यालयों में समय-समय पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अतिथियों के सत्कार का प्रारूप बदलने का निर्णय लिया गया है।
इस योजना से जहां विद्यालयों में होने वाले आर्थिक खर्च में कमी लाई जाएगी, वहीं विद्यार्थियों की प्रतिभा को भी उजागर किया जाएगा। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालयों में विद्यार्थियों की कला व प्रतिभा को निखारने के प्रयास शुरू किए जाएंगे। विभाग की ओर से जल्द सभी विद्यालयों के कला अध्यापकों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही शिक्षा अधिकारी विद्यालयों का निरीक्षण कर योजना को सिरे चढ़ाने का प्रयास करेंगे।
गुरु-शिष्य की तैयार पेंटिंग को फ्रेम करवाएगा विभाग
अधिकारियों ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद योजना के आधार पर सभी राजकीय विद्यालयों में अलग-अलग समय में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों के साथ शिक्षक भी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में जिन गुरु-शिष्यों की पेंटिंग आकर्षक होगी, उन्हें विभाग के खर्च पर फ्रेम करवाया जाएगा।
इसके अलावा पाठ्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की ओर से बनाई जाने वाले पेंटिंग का भी प्राचार्य व विद्यालय प्रबंधक चयन करेंगे। पेंटिंग के नीचे बनाने वाले विद्यार्थी का नाम व कक्षा भी अंकित किया जाएगा। फिर विद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों में इन्हीं पेंटिंग से अतिथियों का सत्कार किया जाएगा। योजना से विभाग व विद्यार्थी दोनों को फायदा होगा।
राजकीय विद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों में अतिथियों के सत्कार का प्रारूप बदलने की योजना तैयार की गई है। विद्यालयों में अतिथियों का स्वागत फ्लावर पोर्ट, बुके या गमलों से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की ओर से तैयार पेंटिंग से करने का निर्णय लिया गया है। विद्यार्थियों व शिक्षक की ओर से तैयार आकर्षित पेंटिंग को विभाग के खर्च पर फ्रेम करवाया जाएगा। इससे विद्यार्थियों का हौसला भी बढ़ेगा। -सुजाता खत्री, जिला परियोजना संयोजक, सोनीपत।