रोहतक/ कलानौर। शनिवार सुबह बसाना व मोखरा फाटक के बीच गुढ़ान निवासी 35 वर्षीय प्रदीप तोमर का शव मिला। सरसों के खेत में हत्या के बाद शव रोहतक-भिवानी रेलवे लाइन पर फेंक दिया। प्रदीप पेशे से ट्रक ड्राइवर था। दिवाली मनाकर 1 नवंबर को वापस ट्रक पर गया था। 2 नवंबर की सुबह उसका शव रोहतक-भिवानी ट्रैक पर बसाना व मोखरा फाटक के बीच नग्न हालत में मिला। पिटाई के बाद उसी की टी-शर्ट का फंदा बनाकर हत्या कर दी। कलानौर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। शनिवार शाम तक गिरफ्तारी न होने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने में पहुंचकर रोष जताया।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे रेलवे पुलिस को सूचना मिली कि कलानौर-मोखरा फाटक के पास युवक का नग्न हालत में शव पड़ा है। जीआरपी की जांच में सामने आया कि थोड़ी दूरी पर सरसों के खेत में मृतक की चप्पल पड़ी थी। अनुमान है कि किसी ने दूसरी जगह हत्या के बाद शव को ट्रैक के नजदीक फेंक दिया। मामले की सूचना बहुअकबरपुर व कलानौर पुलिस को भी दी गई। एफएसएल विशेषज्ञ डॉक्टर सरोज दहिया को बुलाया गया। जांच में पता चला कि मृतक को पहले पीटा गया है, क्योंकि शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान मिले। बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक के हाथ पर केवल पीके तोमर लिखा हुआ था। मामले की सूचना कलानौर खंड के तोमर गोत्र बाहुल्य गांव सुंडाना व गुढान में दी गई। सूचना पाकर मृतक के पिता मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
कॉल कर कहा था जसिया जा रहा हूं
परिजनों ने बताया कि 1 नवंबर को सुबह प्रदीप ने कहा कि एक बार जसिया जा रहा हूं। संभव हुआ तो शाम तक आ जाऊंगा, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। परिजनों ने समझा ट्रक पर चला गया। सुबह उसका शव बसाना व मोखरा गांव के बीच रेलवे लाइन के किनारे मिला।
खेत में हुई वारदात, घसीट कर ट्रैक के पास ले गए
प्रदीप का शव रेलवे ट्रैक के समीप पड़ा मिला। जहां शव पड़ा हुआ था, उसे मोखरा रोड स्थित सरसों के खेत से घसीटते हुए रेलवे ट्रैक के समीप डाला गया है। परिजनों का आरोप है कि प्रदीप का टी-शर्ट से गला घोंटा गया है, साथ लगते सरसों के खेत में हाथापाई और बिखरी हुई मिट्टी के निशान मिले हैं। पास में खाली शराब की बोतलें मिली है। घटना को अंजाम देने के बाद मृतक को घसीटते हुए ट्रैक पर शव फेंक दिया।
मोबाइल व बाइक नहीं मिली, कपड़े भी फटे थे
बाइक पर सवार होकर प्रदीप जसिया गांव गया था। घटनास्थल पर पुलिस को उसका मोबाइल मिला और न ही बाइक। जींस की पेंट व बनियान घटनास्थल के पास फटी मिली। टी-शर्ट को फाड़कर फंदा बनाया हुआ था। अब पुलिस फोन के डंप उठाकर हत्या का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
12 घंटे बाद भी गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीण पहुंचे थाने
ट्रक चालक प्रदीप तोमर 1 नवंबर की सुबह गांव से गया था। 2 नवंबर की सुबह आठ बजे उसका शव मिला। वारदात के 12 घंटे बाद भी गिरफ्तारी न होने से नाराज सैकड़ों ग्रामीण कलानौर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर रोष जताया। पुलिस की तरफ से बताया गया कि सीआईए की टीम दबिश दे रही है। घटनास्थल से मोबाइल के डंप उठाकर आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए टीम भी छानबीन कर रही है। जल्द वारदात का खुलासा होगा।
एसआई बजे सिंह, कार्यकारी प्रभारी थाना कलानौर
02सीटीके01-गुढान के प्रदीप का शव मिलने के बाद घटना स्थल पर गमजदा पिता सूरजभान। स्रोत : संवाद
02सीटीके01-गुढान के प्रदीप का शव मिलने के बाद घटना स्थल पर गमजदा पिता सूरजभान। स्रोत : संवाद
02सीटीके01-गुढान के प्रदीप का शव मिलने के बाद घटना स्थल पर गमजदा पिता सूरजभान। स्रोत : संवाद