13सीटीके42...जिला विकास भवन में पार्षदों व अधिकारियों के साथ बैठक करते भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स
रोहतक। जिला परिषद की लंबे समय से बैठक नहीं हो सकी है। अब पार्षदों और चेयरपर्सन के बीच का विवाद खत्म हो गया है। वीरवार को जिला विकास भवन में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, सीईओ भूपेंद्र सिंह व पार्षदों के साथ विकास कार्यों को लेकर बैठक की, साथ में भाजपा नेता सतीश नांदल भी मौजूद रहे। शाम को सीईओ का तबादला वापस नगर निगम में हो गया। उनकी जगह चरखी दादरी के सीईओ प्रदीप कुमार को रोहतक भेजा गया है।
ग्रोवर ने बताया कि जिला विकास भवन में पार्षदों के साथ हुई बैठक में गांवों के विकास की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पार्षदों ने अपने वार्ड से संबंधित कार्यों के बारे में सुझाव रखे, साथ ही जो समस्याएं आ रही हैं, उनके निदान को लेकर भी चर्चा हुई। पूर्व मंत्री ग्रोवर और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने कहा कि सभी पार्षद जनप्रतिनिधि हैं और लोगों ने उन्हें चुनकर जिला परिषद में भेजा है , इसलिए सभी मिलकर काम करवाएं। बजट की किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। राज्य सरकार ने पार्षदों को पूर्व की तुलना में ज्यादा अधिकार दिए हैं। इस दौरान अधिकारियों के साथ भी चर्चा हुई और पार्षदों की ओर से आए सुझाव पर अमल करने के लिए आग्रह किया गया। बैठक में जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, वाइस चेयरपर्सन अनिल हुड्डा, पार्षद धीरज मलिक, राजेश फौगाट व जिला परिषद के सीईओ सहित अन्य अधिकारी व पार्षद मौजूद रहे।