रोहतक। शहर के डेयरी मोहल्ले जाट चौपाल के सामने डीजे नाइट में शराब पिलाने से मना करने पर पांच युवकों ने दूल्हे के एक चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शुक्रवार रात करीब पौने दो बजे की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मृतक 34 वर्षीय इशांत शौरी मार्केट में कपड़े की दुकान चलाता था। जबकि घायल तरुण दिल्ली में रहता है। भीड़ ने एक आरोपी रामलीला पड़ाव निवासी प्रवेश को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि चार अभी फरार हैं।
डेयरी मोहल्ला निवासी डिंपल ने बताया कि वह पुरानी सब्जी मंडी में शीतल पेय पदार्थ का कारोबार करता है। शुक्रवार रात को उसकी सगाई थी, जबकि शनिवार को बरात दिल्ली जानी थी। रात को सगाई के बाद डीजे नाइट चल रही थी। रात करीब डेढ़ बजे कार्यक्रम खत्म हो चुका था। वह अपने चचेरे भाई इशांत व तरुण के साथ जाट चौपाल के बाहर टहल रहे थे। तभी एक बाइक पर दो युवक आए। एक युवक उतरकर उनके पास आया और बोला शराब पिलाने की मांग करने लगा। इसके लिए बार-बार अंदर जाने का प्रयास कर रहा था। मना करने पर गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसी बीच दूसरी बाइक पर तीन युवक और आ गए। आते ही युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी। इसी बीच युवकों ने इशांत को सीने व तरुण को पेट में चाकू मारकर दिया। हमलावर मौके से भागने लगे तो भीड़ ने एक युवक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पीजीआई में डॉक्टरों ने इशांत को मृत घोषित कर दिया, जबकि तरुण को चार घंटे चले ऑपरेशन के बाद बचाया जा सका।
58 सेकेंड में शादी की खुशियां मातम में बदलीं
पुलिस द्वारा बरामद की 58 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दूल्हा डिंपल, इशांत, तरुण व एक अन्य युवक जाट चौपाल के बाहर खड़े हैं। इसी बीच तेज गति से एक बाइक आती है। कोने पर जैसे ही बाइक रुकी, एक युवक तेजी से उतरकर चौपाल के अंदर जाने लगता है। इशांत व अन्य उसे रोक देते हैं। इसी बीच उसकी हाथापाई हो जाती है। तभी दूसरी बाइक पर तीन युवक आए हैं। उनमें पीछे बैठे युवक ने सिर पर कपड़ा बांध रखा था। पांचों युवकों की और दूल्ले के परिवार की कहासुनी हो जाती है। अचानक सिर पर कपड़ा बांधे हुए युवक चाकू निकाल कर पहले इशांत के सीने और फिर तरुण के पेट में वार करता है। चार युवक को भाग जाते हैं, लेकिन एक युवक को बाइक सहित दबोच लिया जाता है। इंशात गली में गिर जाता है। घायलावस्था में परिजन उसे पीजीआई ले जाते हैं, जहां वह दम तोड़ देता है। रविवार को दूल्हे की बरात दिल्ली नहीं जा सकी।
मेरे भाई का नहीं था किसी से झगड़ा
मृतक के भाई वीरेंद्र ने बताया कि उसके भाई या परिवार का किसी से झगड़ा या रंजिश नहीं है। अचानक युवक आए और शराब पीने की जिद्द करने लगे। मना करने पर उसके एक भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी, जो शौरी मार्केट में कपड़े की दुकान चलाता था। जबकि तरुण दिल्ली रहता है। उसकी हालत अभी चिंताजनक बनी हुई है।
पौने दो घंटे पहले बेटे को गोद में लेकर फोटो खिंचवाए थे इशांत ने
परिजनों ने बताया कि सगाई समारोह में पूरा परिवार खुश था। डीजे पर परिवार के लोग साथ-साथ डांस कर रहे थे। इशांत के तीन बच्चे हैं। छोटे बेटे को गोद में लेकर उसने फोटो भी खिंचवाई थी। क्या पता था कि घर के बाहर गली में यूं उसकी हत्या कर दी जाएगी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामलीला पड़ाव निवासी प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर रविवार को रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि फरार आरोपियों को काबू किया जा सके। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
कश्मीर सिंह, जांच अधिकारी थाना पुरानी सब्जी मंडी