रोहतक। डोभ गांव निवासी आनंद उर्फ अन्ना (32) की मौत के मामले में गिरफ्तार दूल्हे राहुल को दो दिन के रिमांड के बाद वीरवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया।
कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेज दिया। वीरवार को आरोपी राहुल की शादी के चलते घुड़चढ़ी होनी थी लेकिन गिरफ्तारी के चलते उसकी शादी स्थगित हो गई है। पुलिस राहुल के मामा मंजीत की भी तलाश में जुटी है क्योंकि जिस रिवाॅल्वर से गोली चली, वह मंजीत की बताई जा रही है। मंजीत रोहतक पुलिस में एसपीओ के तौर पर कार्यरत है।
पुलिस के मुताबिक, सात मई को डोभ गांव निवासी आनंद उर्फ अन्ना को सीने में गोली लगने पर निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। आनंद के भाई के बयान पर बहुअकबरपुर थाने में दोस्त राहुल सहित तीन के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी, राहुल व उसका परिवार मामले को आत्महत्या या हादसा बता रहा है। तर्क है कि महिला से वीडियो कॉल करते समय आनंद हाथ में रिवाॅल्वर लिए हुए था। अचानक उससे ही गोली चली और सीने में जा लगी।