Grill of flyover broke uncontrolled car below 50 feet, three friends saved from airbag opening
सरकुलर रोड स्थित पुरानी आईटीआई फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़ एक अनियंत्रित बेलेनो कार करीब 50 फुट नीचे जा गिरी। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से कार में सवार तीन दोस्तों की जान बच गई। हादसा बुधवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। इसके बाद राहगीरों की मदद से तीनों छात्रों को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां से दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई, वहीं एक छात्र उपचाराधीन है।
थाना शिवाजी कॉलोनी प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि एकता कॉलोनी निवासी आयुष 11वीं और कमला नगर निवासी केतन, श्रीनगर कॉलोनी निवासी अक्षत दोनों 10वीं के छात्र हैं। तीनों छात्र रात करीब डेढ़ बजे अपने घर से कार लेकर निकले थे। अल सुबह करीब तीन बजे चालक का कार पर नियंत्रित खो गया और कार फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़ करीब 50 फुट नीचे डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जमीन पर गिरने से पहले कार एक मकान से भी टकराई, जिससे मकान का कुछ हिस्सा और एक टेलीफोन लाइन का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से तीनों को पीजीआई पहुंचा। कार सवार तीनों छात्रों के हाथ-पैर में चोट आई है। एकता कॉलोनी निवासी आयुष, श्रीनगर कॉलोनी के अक्षत को मामूली चोटे आई हैं। जबकि कमला नगर निवासी केतन का उपचार चल रहा है। गनीमत रही कि हादसे के तुरंत बाद एयरबैग खुल गए, जिससे उनकी जान बच गई। थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में जो सामने आएगा। इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। रोहतक में पहले भी ऐसा हादसा हो चुका है। एक नेता की गाड़ी पुल से नीचे गिर गई थी, गनीमत रही जान हानि होने से टल गई थी।