रोहतक। राष्ट्रवाद के नाम पर भाजपा सरकार कॉरपोरेट घराने का घोटाला दबाना चाहती है। केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व से लेकर पूरी सरकार पूंजीपति को बचा रही है। यह बात आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कही। वे रविवार को जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट घरानों की कंपनियों को 7 हजार करोड़ रुपया पीएनबी बैंक, साढ़े 36 हजार करोड़ रुपया एलआईसी और 21 हजार करोड़ रुपये एसबीआई ने कर्ज दिया था। जनता की खून पसीने की कमाई का पैसा पूंजीपति घराने की कंपनियां ले डूबीं। उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग के खुलासे के बाद हरियाणा के कृषि मंत्री से लेकर केंद्र सरकार के मंत्री पूंजीपति घराने का बचाव करते नजर आए। एक तरफ तो महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी, लेकिन पिछले आठ साल में एक व्यक्ति की संपत्ति में 230 प्रतिशत इजाफा हुआ। बिना सरकार के सहयोग के ऐसा नहीं हो सकता। देश के ज्यादातर एयरपोर्ट सरकार ने एक कंपनी के पास गिरवी रख दिए। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स और सेबी जैसी कंपनियों की नाक के नीचे देश का सबसे बड़ा घोटाला हुआ। बिना सरकार की मिलीभगत से ये नहीं हो सकता। आम आदमी पार्टी जेपीसी बनाकर पूंजीपति घराने की कंपनी के घोटाले की जांच करवाने की मांग करती है या केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज इस घोटाले की जांच करवाए। इस मौके पर लवलीन टुटेजा लवली, एडवोकेट महाराज सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।