रोहतक। देशव्यापी आंदोलन के तहत बुधवार को रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने मानसरोवर पार्क में धरना दिया। डीडीपीओ राजपाल चहल को जिला उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। रिटायर्ड कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। यहां सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को वरीयता से दूर करने की अपील की गई।
बुधवार को मानसरोवर पार्क एकत्रित हुए रिटायर्ड कर्मचारी संघ के सदस्यों से जिला प्रधान जगपाल सांगवान ने कहा कि लंबे समय से रिटायर्ड कर्मचारी, पेंशनर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सरकार जायज मांगों को भी लागू नहीं कर रही है।
इसी कड़ी में देश के तमाम जिला मुख्यालयों पर धरने प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व महासचिव सत्यपाल सिवाच ने कहा कि केंद्र सरकार की तमाम नीतियां कर्मचारी व पेंशनर के हितों के खिलाफ है।
उलटा पेंशन वित्त विभाग 2025 की आड़ में 31 दिसंबर 2025 तक रिटायर होने वाले साथियों को 8वें वेतन आयोग के लाभ से वंचित कर दिया गया है। कुछ लाभों को समाप्त करने का अंदेशा है।
डीडीपीओ राजपाल चहल को सौंपा ज्ञापन
जिला उपायुक्त के नाम डीडीपीओ राजपाल चहल को सौंपे ज्ञापन में कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने, कोरोना के दौरान रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते का एरियर, 65 वर्ष की आयु में 10 प्रतिशत, 75 वर्ष की आयु में 20 प्रतिशत की मूल पेंशन में वृद्धि करना, कम्युटेशन की कटौती 10 वर्ष 8 माह में करना, टैक्स में छूट, पुरानी पेंशन बहाल करने समेत विभिन्न मांगें शामिल हैं।
धरने को सूरजकौर अहलावत, रणबीर दहिया, ओमप्रकाश कादियान, ओमप्रकाश खिड़वाली, अतर सिंह हुड्डा एडवोकेट, महम ब्लाॅक प्रधान रामकुमार, प्रेम घिलोड़िया, खेमचंद्र, लाखनमाजरा ब्लाॅक प्रधान बलबीर जांगड़ा, सांपला ब्लाॅक प्रधान कृष्ण प्रधान कृष्ण श्योराण समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।