01 शैफाली मां प्रवीण बाला को चेक देते विधायक भारत भूषण बतरा। संवाद
रोहतक। शैफाली वर्मा के महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें सम्मानित करने की मांग तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को उनके घर घनीपुरा पहुंचकर परिवार को बधाई दी। इस दौरान हरियाणा सरकार से आग्रह किया कि शैफाली को कम से कम दो से ढाई करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी दी जाए।
उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार थी तब टी-20 वर्ल्ड में शानदार प्रदर्शन करने वाले जोगेंद्र शर्मा को डीएसपी बनाया गया था। वर्ल्ड कप की जीत शैफाली के नाम है। उसने देश और प्रदेश नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने महिला वर्ल्ड कप खेलने वाली अपनी खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। हरियाणा सरकार को भी जल्द घोषणा करनी चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि उनके शासनकाल में हरियाणा खेल नीति बनाई गई थी। गांव-गांव में स्टेडियम का निर्माण कराया गया था ताकि बच्चों की रुचि खेलों की ओर बढ़े। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने खेल नीति भी बदल दी और स्कूलों को भी बंद कर रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि सरकार को तुरंत हमारी खेल नीति को अपनाना चाहिए।
जीत की आर्किटेक्ट थीं शैफाली : विधायक बतरा
विधायक भारत भूषण बतरा ने भी शैफाली के परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शैफाली जीत की आर्किटेक्ट थीं। शैफाली ने जिस तरह से देश का नाम रोशन किया है वह ओलंपियन नीरज चोपड़ा से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नीरज चोपड़ा को जितना सम्मान दिया है उतना ही सम्मान और पुरस्कार शैफाली को भी दे। विधायक ने शैफाली और उनके परिजनों को 25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
01 शैफाली मां प्रवीण बाला को चेक देते विधायक भारत भूषण बतरा। संवाद
01 शैफाली मां प्रवीण बाला को चेक देते विधायक भारत भूषण बतरा। संवाद