साल्हावास। मुंडाहेड़ा के खेतों में जली अवस्था में मिले युवती के शव की 72 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस प्रशासन व कमेटी की तरफ से उसके शव का अंतिम संस्कार करा दिया। हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
शनिवार रात लगभग आठ बजे मुण्डाहेडा-कोयलपुर रोड के पास एक लगभग 23 वर्षीय युवती का शव जली अवस्था में मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल झज्जर भिजवाया था, लेकिन यहां पोस्टमार्टम कर पाना मुश्किल हुआ तो शव रोहतक रेफर किया गया था। पुलिस ने सोमवार को रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर शव पहचान के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर में रखवा दिया था। जांच अधिकारी जगवीर सिंह ने बताया कि 72 घंटे बाद भी शिनाख्त न होने पर वीरवार को अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने की मंशा से जलाकर खेतों में फेंक दिया। इस मामले के संबंध में थाना साल्हावास में आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।