बहादुरगढ़। दलाल खाप के प्रवक्ता कैप्टन मान सिंह दलाल ने बताया कि चिड़ी गांव निवासी धर्मपाल दलाल की ओर से 12 मई को अपने जुड़वा बच्चों का दशोटन कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम में देश में रहने वाले दलाल गोत्र के सभी लोगों को निमंत्रण भेजा है।
खाप प्रवक्ता ने वीरवार को दिल्ली रोहतक रोड पर पप्पू दलाल के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि दलाल खाप 84 की ओर से भी इस दशोटन कार्यक्रम का निमंत्रण दलाल गोत्र के गांवों में जाकर दिया जा रहा है और भारी संख्या में इस कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान लोगों से किया जा रहा है। मान सिंह दलाल ने बताया कि हरियाणा में कैथल, भिवानी समेत अन्य जिलों के अलावा राजस्थान, मथुरा, गुजरात आदि स्थानों पर रहने वाले दलाल खाप के लोगों को खाप 84 की ओर से निमंत्रण दिया गया है। साथ ही गुजराज के सांसद मुकेश दलाल को भी निमंत्रण दिया गया है। यह भाईचारे का कार्यक्रम है और इसमें आने से युवाओं और लोगों को दलाल गोत्र के इतिहास के बारे में जानकारी हासिल होगी। पूरे देश में करीब 250 गांव दलाल गोत्र के हैं। इस मौके पर राजपाल आर्य, पप्पू दलाल, शनवीर दलाल, सज्जन दलाल, रणबीर दलाल आदि मौजूद थे।