खरखौदा । शहर के सांपला मार्ग स्थित एक गोदाम में सीएम फ्लाइंग की टीम ने वीरवार को छापा मारा। जहां एक्सपायर डेट के देसी घी के डिब्बों से घी निकालकर 15 किलो के टीन में भरते हुए मजदूरों को पकड़ा है। टीम ने जांच करने के बाद मौके पर मिले घी के सैंपल लेकर गोदाम को सील कर दिया है। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच करेगी।
सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि खरखौदा में देशी घी का अवैध कारोबार चल रहा है। जहां खरखौदा में श्रीकृष्णा डेयरी के नाम से घी बेचा जाता है और यह घी बेचने के बाद जब एक्सपायर हो जाता है तो उसे वापस मंगवा लिया जाता है। उसके बाद दोबारा से गर्म कर नई पैकिंग कर नई डेट लिखकर फिर से बाजार में बेचने के लिए तैयार कर दिया जाता है। इस सूचना के बाद एसआई कृष्ण की अगुवाई में एसआई सतपाल, एसआई राजबीर, एसआई देवेंद्र व फूड सेफ्टी विभाग की तरफ से डॉ. श्याम लाल पूनिया की टीम को सांपला मार्ग पर स्थित गोदाम में भेजा गया। टीम पहुंची तो वहां देसी घी मार्का नटखट श्याम व मार्का श्रीकृष्ण डेयरी के एक्सपायरी डेट के डिब्बों में से बाहर निकालकर घी को 15 किलो के टीनों में भरा जा रहा था। गोदाम में काफी संख्या में घी के कागज के खाली रैपर, जिनमें से घी को निकाला जा चुका था, खाली डब्बे, घी गर्म करने के लिए भट्ठी व घी के टीन भी मिले। जिस पर टीम ने सैंपल लेकर गोदाम को सील कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लैब में भेजे जाएंगे सैंपल
सीएम फ्लाइंग की टीम ने मौके से घी के अलग-अलग डिब्बों के सैंपल लेकर उन्हें सील किया है। उन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। टीम को मौके से वर्ष 2018 की पैकिंग के घी के डिब्बे भी मिले हैं। इसके अलावा गोदाम में काफी मात्रा में एक्सपायर हो चुका पैकिंग का घी मिला है। जांच में सामने आया कि गोदाम में दोबारा नये तरह से तैयार कर यह देसी घी सोनीपत क्षेत्र के साथ ही बवाना, दिल्ली के आसपास भी सप्लाई किया जाता है।
एक्सपायरी डेट का घी खाने से होती है पेट की बीमारियां
एक्सपायरी डेट का घी खाने से कई नुकसान होते हैं। सामान्य अस्पताल के फिजिशियन डॉ. शैलेंद्र राणा का कहना है कि एक्सपायरी डेट का देशी घी खाने से उल्टी, पेट दर्द की शिकायत होती है। साथ ही खाना नहीं पचता और पेट में गैस बनती है। गैस बनने से सिर दर्द होता है। इससे व्यक्ति का पाचन तंत्र प्रभावित होने के चलते उसे अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ सकता है।
---
सूचना मिली थी कि एक्सपायरी डेट का घी खरखौदा में दोबारा रिफिल किया जाता है। छापे में सूचना सही पाई गई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जिससे आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-अजीत कुमार, डीएसपी, सीएम फ्लाइंग।