रोहतक। पीजीआईएमएस कोरोना के गिरते ग्राफ को देखते हुए अब सामान्य मरीजों को भी जनरल सर्जरी की सुविधा देने की तैयारी में है। यह सुविधा मई 2020 में बंद कर दी गई थी। इस अवधि में संस्थान के डॉक्टरों ने सिर्फ आपात सर्जरी की। जबकि सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन करीब 200 मरीजों के ऑपरेशन होते थे। मजबूरी में मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा था। प्रशासन के नए फैसले से आम मरीजों को राहत मिलेगी। संस्थान जनरल सर्जरी अगले सप्ताह से शुरू करने की तैयारी में है। इस फैसले से हरियाणा ही नहीं पड़ोसी राजस्थान और यूपी के लोग भी लाभान्वित होंगे।
कोरोना संक्रमणकाल में सबसे अधिक समस्या इलेक्टिव सर्जरी कराने वालों को हुई। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रामा सेंटर को कोविड अस्पताल में बदल दिया गया और जनरल सर्जरी रुक गईं। लेकिन अब कोरोना के मरीजों की घटती संख्या को देखते हुए अगले सप्ताह से सामान्य मरीजों को राहत मिल सकती है। प्रशासन अब सामान्य मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जनरल सर्जरी खोलने की तैयारी में है। हालांकि शुरुआत में मरीजों की संख्या को सीमित ही रखा जाएगा। यदि कोरोना के मरीजों की संख्या में इजाफा होता है तो यह फैसला टल भी सकता है। पीजीआईएमएस प्रशासन ने अब कोरोना मरीजों के साथ सामान्य मरीजों के लिए योजना बनाई है कि उन्हें ऑपरेशन के लिए अधिक परेशान ना होना पड़े। प्रशासन पर लगातार दबाव बन रहा था कि वह सामान्य मरीजों के लिए जनरल सर्जरी को शुरू करे।
----
न्यू मॉड्यूलर ओटी में शुरू होंगे ऑपरेशन
विभाग न्यू मॉड्यूलर ओटी को नॉन कोविड बनाने की तैयारी में है। इसके साथ ही वार्ड 24 के चार कमरों को वीवीआईपी कमरों के अलावा वार्ड 25 व डे केयर आईसीयू के बेड को कोविड मरीजों के लिए आरक्षित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए संस्थान ने सभी विभागों को पत्र भी जारी किया है। गौरतलब है कि इस भवन का शुभारंभ होते ही इसे कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित कर दिया गया था। लेकिन अब मरीजों की संख्या घटने के चलते इसे ऑपरेशन के लिए प्रयोग में लेने बात चल रही है।
---
ट्रामा सेंटर पर भी चल रहा मंथन
संस्थान में एक पक्ष न्यू मॉड्यूलर ओटी को कोविड के लिए आरक्षित रखना चाहता है तो एक पक्ष ट्रामा सेंटर को। दोनों मामलों में डॉक्टरों के अपने-अपने मत हैं। एक मत यह भी है कि ट्रामा सेंटर पहले से ही कोविड मरीजों के लिए आरक्षित है, इसलिए न्यू मॉडयूलर ओटी को संक्रमित नहीं किया जाना चाहिए। यदि किसी कोविड के मरीज का ऑपरेशन करना पड़ता है तो ट्रामा सेंटर में सुविधा उपलब्ध है।
---
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अगले सप्ताह से जनरल सर्जरी सीमित संख्या में शुरू करने की तैयारी है। यदि कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती है तो हमारे पास विकल्प हैं। शुरुआत में ओटी के मरीजों की संख्या को निर्धारित किया जाएगा, जोकि समय के अनुसार घटाया व बढ़ाया जाएगा।
- डॉ. रोहतास कंवर यादव, निदेशक, पीजीआईएमएस