गोकर्ण सरोवर में गणेश मूर्ति का विसर्जन करते श्रद्धालु। अमर उजाला
रोहतक। गणेशोत्सव के अंतिम दिन भक्तों ने गणपति की मूर्ति का धूमधाम से विसर्जन किया। ढ़ोल नगाड़ों के साथ गजानन की शोभा यात्रा निकाली गई। घरों व पंडालों में विराजमान गणपति प्रतिमा का विसर्जन तालाबों एवं गोकर्ण सरोवर में किया गया। इस मौके पर पंडाल गणपति के जयघोष से गूंज उठे, कई जगह भक्तों ने नम आंखों से गणपति को विदाई दी और उनके अगले बरस जल्दी आने की कामना की। विसर्जन के दौरान पुलिस की ओर से भी सुरक्षा की पूर्ण व्यवस्था रही। 78 संघ परिवार की ओर से आयोजित गणेशोत्सव के अंतिम दिन गणपति की मूर्ति का विसर्जन किया गया। भक्तों ने धूमधाम से नाचते हुए गजानन को विदा किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में विनोद जैन मौजूद रहे। डीएलएफ रेजिडेंशियल वेलफेयर गणेश समिति ने गणेश महोत्सव के दसवें दिन गणपति को पूर्ण विधि-विधान व हवन किया और विदाई दी। गणपति की डीएलएफ कालोनी में यात्रा निकाली गई और सभी भक्तों ने नाचते गाते और गुलाल उड़ाते हुए यात्रा में हिस्सा लिया। इसके गणपति की प्रतिमा को विसर्जन के लिए हरिद्वार ले जाया गया। जहां पर संस्था के सदस्यों ने गणपति मूर्ति का विसर्जन गंगा में किया। वहीं कई भक्तों ने घरों में गमलों में गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया और अगले वर्ष उनके आने की कामना की।