हांसी: पत्रकारों से बातचीत करतीं एसपी नितिका गहलोत तथा पुलिस गिरफ्त में गांजा रखवाने का आरोपी। स
- फोटो : Hisar
हांसी जिला पुलिस ने सरसों के खेत से 393 किलो 300 ग्राम गांजापत्ती बरामद की है। इसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में वीरवार को पत्रकारों से बातचीत में एसपी नितिका गहलोत ने बताया कि हांसी सीआईए ने डाटा गांव निवासी रमेश कुमार को गांजापत्ती रखवाने के आरोप में घिराय गांव के बस अड्डे से गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से रिमांड के दौरान सीआईए ने गहनता से पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर 393 किलो 300 ग्राम गांजापत्ती बरामद हुई। गांजापत्ती डाटा गांव में सरसों के खेत में छिपाकर रखी हुई थी। रिमांड अवधि पूरी होने पर आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया गया। एसपी ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लेगी। इसके लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।
यह था मामला
गौरतलब है कि 20 फरवरी को कुलदीप डाटा ने मामला दर्ज करवाया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके खेत में बने तूड़ी के कमरे में कोई नशीला पदार्थ रखा है। वहां पर तूड़ी में दबा सवा तीन क्विंटल गांजा बरामद हुआ था। इस पर नारनौंद थाना पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए। इसी के तहत आरोपी रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी का बरवाला में होटल
आरोपी रमेश कुमार बरवाला में हांसी रोड पर मिर्ची के नाम से होटल चलाता है। रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने बताया कि उसके ताऊ के लड़के कुलदीप के पास उसका अकसर आना-जाना होता था। रमेश कुमार ने कुलदीप के खेत में गांजापत्ती रखवाई थी।