रोहतक। सिटी थानाक्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की एक पीड़िता ने मामले की राष्ट्रीय अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग में शिकायत करना भारी पड़ गया। आरोपियों ने तीन लोगों से पीड़िता पर जानलेवा हमला करा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह सिटी थानाक्षेत्र में परिवार के साथ रहती है। 23 जनवरी को उनके साथ सिद्धार्थ और आशीष ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। हालांकि, आरोपियों ने उसे डरा धमकाकर मामले में समझौता करा दिया था। मगर फिर से परेशान करना शुरू किया तो उन्होंने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के समक्ष शिकायत कर दी। इस शिकायत के विरोध दोनों आरोपियों ने तीन लोगों को भेजकर 7 अप्रैल को जब वह अकेली शहीद श्री राधेश्याम सरोहा पार्क नेहरू काॅलोनी से दूध लेने जा रही थी तो तभी पार्क से नकाबपोश तीन युवक आए और लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया।
आरोपियों ने धमकी दी कि यदि सिद्धार्थ और आशीष के खिलाफ शिकायत वापस नहीं ली तो जान से मार दिया जाएगा। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच की जा रही है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।