रोहतक। जिले के एक गांव की नाबालिग ने मंगलवार की रात तीन युवकों पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो फरार हैं। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि मंगलवार की रात को 11 बजे वह घर से बाहर शौच के लिए निकली थी। यहां पर गांव का ही रहने वाला मंजीत अपने दो दोस्तों के साथ घात लगाकर बैठा था। तीनों युवक उसे बाइक से अगवा कर मंजीत की बैठक में ले गए। यहां पर तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बातचीत के दौरान मंजीत ने दूसरे साथी का नाम नसीब लिया। जो बगल के ही गांव का रहने वाला है जबकि उसके साथ एक अन्य अज्ञात युवक भी था। दुष्कर्म के बाद आरोपी उसे उसके घर के बाहर छोड़ गए। पुलिस ने नाबालिग के बयान पर मंजीत, नसीब के साथ एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म के साथ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मेडिकल में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पीड़िता का 164 के तहत बयान दर्ज कराया है। पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो फरार हैं।
नाबालिग के बयान पर दो को नामजद करते हुए एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले के साथ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य फरार हैं। - नरेंद्र कादियान डीएसपी, सांपला।