संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। रक्षाबंधन नजदीक आते ही बाजार में राखियों के साथ गिफ्टिंग आइटम की रौनक भी बढ़ गई है। इस बार बहनों के बीच पारंपरिक राखियों के साथ स्टोन ब्रेसलेट, सिल्वर ब्रेसलेट, लुंबा, की-चेन और बच्चों के फैमिली पैक खास आकर्षण बने हुए हैं। भाई की कलाई पर राखी बांधने के साथ उसे यादगार गिफ्ट देने के लिए महिलाएं नए और स्टाइलिश विकल्प तलाश रही हैं।
बजरंग भवन के पास आर्मेलिया दुकानदार दिनेश गुप्ता ने बताया कि स्टोन ब्रेसलेट की अच्छी मांग है। इनमें अलग-अलग स्टोन और डिजाइन उपलब्ध हैं जिन्हें बहनें भाइयों के लिए गिफ्ट के तौर पर पसंद कर रही हैं। राखियों की कीमत करीब 20-30 रुपये से शुरू होकर 1100 रुपये तक है। वहीं सिल्वर राखियां भी खरीदी जा रही हैं जिनकी कीमत करीब 1500 से 3 हजार रुपये है। पहले बार बच्चों के लिए भी चांदी की राखियां उपलब्ध हैं।
शिवानी ने बताया कि इस बार वह भाई के लिए सिर्फ राखी नहीं, बल्कि उसके साथ ब्रेसलेट भी लेना चाहती हैं। उनका कहना है कि ऐसी राखी रोजाना इस्तेमाल में भी आ सकता है और भाई के लिए राखी की याद को खास बनाए रखेगा। महिला ग्राहक पूजा ने बताया कि बच्चों के लिए फैमिली पैक और छोटी-छोटी की-चेन भी काफी आकर्षक हैं।
लुंबा भी बना खास आकर्षण
बाजार में लुंबा की भी मांग बनी हुई है। अलग-अलग रंग, डिजाइन और सजावटी पैटर्न में उपलब्ध लुंबा महिलाओं को खास पसंद आ रहे हैं। बहनें भाइयों के साथ भाभियों के लिए भी लुंबा खरीद रही हैं। लुंबा में भाई और भाभी का सेट उपलब्ध रहता हैं। डीपार्क स्थित दुकानदार रवि ने बताया कि लुंबा भाभियाें के पहले सबसे पहले पसंद बनी हुई हैं। बहन अपनी भाभी के लिए लुंबा राखी लेना पसंद कर रहीं हैं।