संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। नवयुग शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भैयापुर लाढ़ौत में जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप आयोजित हुई। इसमें 8 वर्ष से लेकर 77 वर्ष तक के लगभग 200 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन रोहतक ने इस प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
खिलाड़ियों ने दो श्रेणियों में योग मुद्राएं प्रदर्शित कीं। उन्होंने त्रिकोणासन, पश्चिमोत्तानासन, स्वरांगासन, धनुरासन और चक्रासन जैसी मुद्राएं निपुणता से कीं। महासचिव डॉ. जनक राज ने बताया कि सभी पदक विजेता खिलाड़ी 1 और 2 अगस्त को सिरसा में होने वाली 42वीं हरियाणा राज्य योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में रोहतक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा मुख्य अतिथि थे। नवयुग शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक सुरेश चंद्र देशवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन रोहतक के प्रधान रणबीर सिंह हुड्डा और महासचिव डॉ. जनक राज सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।
पदक विजेताओं का प्रदर्शन
ट्रेडिशनल इवेंट में लड़कों के विभिन्न आयु वर्गों में सौरभ, यश, अभिनव, आदर्श, जिज्ञासु, सुखबीर, प्रवीण कुमार, राहुल और राजेंद्र हुड्डा ने स्वर्ण पदक जीते। लड़कियों के आयु वर्गों में याक्षि बल्हारा, पूर्ति, पारीशा, रक्षिता और सुहाना ने स्वर्ण पदक हासिल किए। महिला वर्ग में विजेता, ज्योति और अनीता फोगाट ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सब जूनियर आर्टिस्टिक सोलो श्रेणी में लड़कों में अभिनव और लड़कियों में पारीशा ने स्वर्ण पदक जीते।
योगासन का महत्व
मुख्य अतिथि बिजेंद्र हुड्डा ने कहा कि योगासन स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी समाज के निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि नियमित अभ्यास से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। विशिष्ट अतिथि सुरेश चंद्र ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित करती हैं। ये प्रतियोगिताएं अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं।
36-जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता के दौरान योग करती छात्राएं। संवाद