माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के जींद रोड पर चांद नगर के युवक प्राकृत लाठर से 16 मई की रात साढ़े तीन तोले सोने की चेन लूट के मामले में दोस्त पराग ही मास्टरमाइंड निकला। आरोपी मोहाली, हाल में ग्रीन सिटी रोहतक निवासी पराग ने तीन दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम तक पहुंचाया था। आरोपी ने अपना व दोस्तों का कर्ज उतारने के लिए लूट की साजिश रची थी।
सदर पुलिस ने आरोपी पराग व उसके साथी सेक्टर-35 निवासी तुषार को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को अदालत में पेश कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रोहतक के रहने वाले दो आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चांद नगर निवासी प्राकृत लाठर ने दो दिन पहले शिकायत दी थी कि वह चंडीगढ़ में पढ़ता है। दोस्त पराग के साथ चंडीगढ़ से कार में रोहतक आ रहा था।
रास्ते में शनिवार देर रात जींद रोड पर आउटर बाईपास के ऊपर पहुंचा तो पराग ने लघुशंका के लिए कार रुकवा ली। जब दोनों कार रोककर लघुशंका कर रहे थे, तभी पीछे से बुलेट बाइक पर तीन युवक आए और डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। आरोपी उसकी साढ़े तीन तोले सोने की चेन तोड़कर ले गए थे।
बाइक टकराई तो पकड़ में आए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, सोने की चेन लूटकर जब बाइक सवार भाग रहे थे तभी रास्ते में उनकी बाइक संतुलन बिगड़ने से फिसल गई और तीनों घायल हो गए थे। इसी बीच पुलिस को इसकी भनक लग गई। पुलिस ने घायल सेक्टर-35 निवासी तुषार को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में बताया कि शिकायतकर्ता प्राकृत के साथ कार में सवार पराग भी वारदात में शामिल है।
-
कार में बैठकर दे रहा था पराग लोकेशन, बाइक पीछे रही तो रुकवा ली कार
आरोपी पराग ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्तों पर कर्ज चढ़ा हुआ है। कर्ज उतारने के लिए योजना बनाई कि ऐसे युवक को लूटते हैं जिसके पास ज्यादा पैसा हो। तय हुआ कि प्राकृत सोने की चेन पहनता है। जब प्राकृत रोहतक आ रहा था तब वह भी कार में बैठ गया। रोहतक पहुंचने पर साथियों को लोकेशन भेज दी। आउटर बाईपास पर बाइक पीछे रह गई तो उसने लघुशंका के बहाने कार रुकवा ली थी।