रोहतक। पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने बीडीएस छात्रा के अपहरण की कोशिश में चार युवकों को चिह्नित कर लिया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद ही असल घटना का पता चल सकेगा कि उन्होंने इस घटना को क्यों अंजाम दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी बीडीएस छात्रा के अपहरण की कोशिश की गई थी और वह घायल भी हो गई थी। शनिवार को पीड़िता की तबीयत में सुधार होने पर पीजीआई से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, पीड़ित परिवार की ओर से इस तरह की किसी भी रंजिश के होने से इन्कार किया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।