रोहतक। आईएमटी थानाक्षेत्र के आउटर रिंग रोड रोहतक-गोहाना बाईपास पर एक कार चालक ने बाइक और पास में सड़क किनारे खड़े परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में नौनिहाल समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। राहगीरों की मदद से सभी को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। जहां पर उनकी हालत में सुधार है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत के सलोमपुर टुराली गांव निवासी कर्मपाल अपनी पत्नी कोमल और बेटे देव्यांश के साथ एक बाइक पर सवार थे जबकि उनके चाचा रोहताश कंवर की बाइक पर उनकी मां शीला देवी सवार थी। वह रोहतक गोहाना बाईपास बोहर के पास पहुंचे तो उनके चाचा ने लघुशंका के लिए बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और वह कुछ दूर चले गए जबकि उन्होंने भी अपनी बाइक रोकी और मां के पास जाकर खड़े हो गए। वह सभी रोहतक में बेरी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। कुछ देर बाद ही तेज गति से एक कार आई और उनको टक्कर मार दी। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। घटना के बाद चाचा और राहगीरों ने मिलकर उनको पीजीआईएमएस में भर्ती कराया।