संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। मानसून के बाद मौसम में बदलाव से जिले में डेंगू के मामलों में वृद्धि हुई है। सोमवार को चार नए मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 12 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग इन मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है। नए मरीजों में शीतल नगर व शोरा कोठी से एक-एक शामिल है।
187 सैंपल लिए गए, 11 मरीजों को दी छुट्टी
स्वास्थ्य विभाग के जनसंपर्क अधिकारी सुरेश भारद्वाज का कहना है कि मदीना गिंधरान से भी दो डेंगू के मरीज सामने आए हैं। जिले में रोजाना नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। सोमवार को 187 सैंपल एकत्र किए गए। अब तक कुल 2449 सैंपलों की जांच हुई है। कुल 12 मामलों में से 11 मरीजों को ओपीडी उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इनमें सात शहरी और पांच ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित हैं। डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक कदम उठाए हैं।