झज्जर। अमर उजाला के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर पुलिस गंभीर हो गई है और नशा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
स्पेशल स्टाफ झज्जर की पुलिस टीम ने नशीले पदार्थ गांजा के साथ चार आरोपियों को थाना बेरी के एरिया से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गांजा को हिसार के हांसी क्षेत्र से लाए थे और झज्जर और गुरुग्राम क्षेत्र में अलग-अलग जगह सप्लाई करना था। अब यह कहां सप्लाई होना था, वह रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आएगा।
स्पेशल स्टाफ झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक ऋषिपाल ने बताया कि स्पेशल स्टाफ झज्जर की एक टीम थाना बेरी के एरिया में मौजूद थी। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि हिसार के बास कस्बे के पुट्ठी गांव निवासी खुशीराम, रोहतक के महम कस्बे के गांव इमलीगढ़ निवासी टिंकू, जयवीर व दौलत दोनों निवासी भैणी भेरो जिला रोहतक नशीला पदार्थ बेचने का कार्य करते हैं। वह कलानौर-बेरी रोड पर ग्रीन वैली होटल के नजदीक गांजा लिए हुए खड़े हैं।
स्पेशल स्टाफ झज्जर में तैनात सहायक उप निरीक्षक कुलबीर की पुलिस टीम तत्परता से कार्रवाई करते हुए उपरोक्त पते पर पहुंची तो वहां पर दो मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। इन पर दो-दो व्यक्ति बैठे हुए थे। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर बैठे व्यक्तियों का नाम पता पूछा तो उन्होंने अपना नाम खुशीराम, टिंकू, जयवीर, दौलत बताया। चारों आरोपियों के पास मादक पदार्थ होने के संदेह पर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। इसके पश्चात मौका पर पहुंचे राजपत्रित अधिकारी के समक्ष नियम अनुसार कार्रवाई करते हुए उपरोक्त व्यक्तियों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टे मिले।
उनको चेक किया गया तो मादक पदार्थ गांजा मिला। इनका वजन करने पर 12 किलो 480 ग्राम पाया गया। पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ अधिनियम के तहत थाना बेरी में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार टिंकू, जयवीर व दौलत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, खुशीराम को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।