रोहतक। एंटी कस्टम ब्यूरो मुंबई का डीएसपी बनकर रोहतक की महिला से 65 लाख की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी भिवानी जिले के गांव कैरू निवासी विनोद और रवींद्र, राजस्थान निवासी रामकुमार व नरीतम से पूछताछ की जा रही है।
साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव ने बताया कि सात मार्च को रोहतक के सेक्टर 36ए निवासी कुमुदिनी ने शिकायत दी थी कि 29 फरवरी को उसके पास सुबह के समय एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनके नाम से मुंबई से पार्सल बुक हुआ है। कुमुदिनी के मना करने पर उन्होंने कहा कि पार्सल की झूठी जानकारी भेजी व कहा कि कुमुदिनी को संदिग्ध माना जा रहा है। पार्सल में कपडे, लैपटॉप, क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट व एमडीएमए ड्रग्स है जो कोरियर सर्विस के माध्यम से ईरान भेजे जा रहे हैं। कुमुदिनी का आरोप है कि एक युवक अधिकारी बनकर बार-बार गिरफ्तारी की धमकी देने लगा। धमकी देकर उसे बैंक अकाउंट की डिटेल भी बताई।
इसके बाद डीएसपी बनकर कुमुदिनी से बात की व एक साल के खाते कि ट्रांजेक्शन की जानकारी ली। उससे कहा कि उसे साबित करना पड़ेगा कि उसकी आईडी चुराई गई है और उसका किसी गिरोह से कोई लेना देना नहीं है। कुमुदिनी को गिरफ्तार करने की धमकी देकर उसके अकाउंट का पासवर्ड और अन्य जानकारी ली और दूसरे अकाउंट में पड़े पैसों को दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर लिया। साथ ही एफडी बंद करके खाते से 65 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिस खाता में पैसे ट्रांसफर हुए थे उसको फ्रीज करवाया। इसके बाद खाते में बचे 43 लाख 34 हजार 600 रुपये लौटाए। अब कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।