रोहतक। बिना नंबर की इनोवा कार से लूटपाट के इरादे से खड़े चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक देसी ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक रिवाल्वर व चाकू बरामद हुआ है। आरोपियों ने पुलिस की निजी कार को लूटने का प्रयास किया था, लेकिन चारों को काबू कर लिया। यह कार्रवाई सीआईए वन की टीम ने की। आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया है। इस मामले की रिपोर्ट आईएमटी थाने में दर्ज कराई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीघल रोड पर एक बिना नंबर की इनोवा कार में कुछ लोग हथियारों के साथ खड़े हैं। किसी अपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहे हैं। सीआईए-1 प्रभारी कुलदीप कादियान ने बताया कि सरकारी गाड़ी के बजाय एक निजी कार से टीम डीघल की ओर जाने लगी। जैसे ही उनकी गाड़ी इनोवा के बराबर पहुंचती, उससे पहले कार सवार एक युवक ने हाथ से उनकी कार को रोकने का इशारा किया।
जब उन्होंने कार रोकी तो इनोवा से निकलकर युवक आया और गाड़ी के सामने हथियार तान दिया। इसी दौरान तीन बदमाश भी झाडियों से निकलकर आए। उनमें से एक ने टीम के एएसआई की कनपटी पर हथियार लगा दिया। तीसरे ने साइड में खड़े होकर चाकू दिखाया और चौथा डंडा लेकर गाड़ी के पीछे खड़ा हो गया। इसी दौरान कार में अंदर मौजूद टीम के अन्य सदस्यों ने मौका पाकर चारों को घेर लिया और चेतावनी दी कि गोली चला दी जाएगी। इसके बाद चारों को काबू कर उनके हथियार काबू कर लिए।
यह हुई आरोपियों की पहचान
आरोपियों से पूछताछ की तो उनकी पहचान खरावड़ निवासी अनिल उर्फ लीला के रूप में हुई उससे ऑटोमैटिक पिस्तौल बरामद हुई है। दूसरे आरोपी की पहचान जसिया निवासी धर्मवीर के रूप में हुई। उसके पास से रिवाल्वर बरामद हुई थी। तीसरा आरोपी, जो चाकू के साथ पकड़ा गया, उसकी पहचान टिटौली निवासी मनोज उर्फ झाया के रूप में हुई है। डंडे के साथ काबू किए गए चौथे आरोपी की पहचान टिटौली निवासी राजेंद्र उर्फ लूला के रूप में हुई है। पुलिस ने कार के बारे में पूछा तो वह बता नहीं पाए। इसलिए प्रथम दृष्टया उसे चोरी की मानते हुए जब्त कर लिया गया है।
नवंबर में पकड़े गए अवैध हथियार
-27 नवंबर को नारकोटिक्स सेल ने देसी पिस्तौल के साथ जींद के गढ़वाली निवासी मोहित को चमारिया गांव के पास से काबू किया।
-25 नवंबर को गैंगस्टर सन्नी रिटौलिया का साथी साहिल डीघल दिल्ली बाईपास से आठ पिस्तौल के साथ काबू किया।
-25 नवंबर को गैंगस्टर सन्नी रिटौलिया और उसका साथी रवि को पुलिस ने संड़ाना के पास हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया
-24 नवंबर को बहु अकबरपुर पुलिस ने एन-9 से माडौदी-डोभ फ्लाईओवर के पास अवैध हथियार के साथ न्यू विजयनगर सुनारिया चौक निवासी तिलक को काबू किया।
19 नवंबर को आईएमटी थाना स्थित लाढ़ोत मार्ग पर भालोट निवासी अमन उर्फ सेठी देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार।
-18 नवंबर को आईएमटी पुलिस ने लिंक रोड से ऑटोमैटिक देसी पिस्तौल के साथ गरनावठी निवासी दिपांशु गिरफ्तार।
-17 नवंबर को थाना शिवाजी काॅलोनी पुलिस ने बालंद के पास से दादरी जिले के सिद्धांत को देसी पिस्ताैल के साथ काबू किया।
-10 नवंबर को लाखनमाजरा पुलिस ने अवैध पिस्तौल के साथ जींद निवासी रौनक को गिरफ्तार किया।
-6 नवंबर को शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने अवैध पिस्तौल के साथ न्यू चिन्नोट कॉलोनी निवासी जतिन उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया।
-5 नवंबर को थाना पीजीआईएमएस पुलिस ने अवैध पिस्तौल के साथ एक रुपया चौक से रिवाड़ी रामपुरा के रौनक को काबू किया।
-4 नवंबर को सीआईए-दो की टीम ने बोहर नहर पुल के पास से मोखरा खास निवासी भूमित को देसी पिस्तौल संग काबू किया।