फोटो-60: बहादुरगढ़ में नगर परिषद के गेट पर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते पूर्व व
बहादुरगढ़। प्रदेशभर में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने समर्थन दिया है। वीरवार को नगर परिषद के गेट पर चल रहे धरने को संबोधित करते हुए जून ने कहा कि बहादुरगढ़ समेत हरियाणा के कई शहरों और कस्बों में सड़कों, गलियों और बाजारों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
जगह-जगह फैली गंदगी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सफाई कर्मचारियों की मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है ताकि सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो सके।
पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने कहा कि भाजपा सरकार की जिद और कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैये के कारण पूरे प्रदेश में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ ही नहीं बल्कि हरियाणा के अधिकांश शहरों में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। सड़कों और मोहल्लों में जमा कूड़े से बदबू फैल रही है और लोगों का जीना दूभर हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार समय रहते कर्मचारियों की बात सुन लेती तो आज प्रदेश में यह स्थिति पैदा नहीं होती। जून ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो गंदगी के कारण महामारी फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। उन्होंने सरकार से तुरंत सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को पूरा करने की मांग की।