कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस के सीनियर प्रवक्ता बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यालय के बाहर यह प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जवाब दो दो , नरेंद्र मोदी जवाब दो के नारे लगाए।संविधान निर्माता के अपमान पर जवाब दो हिसाब दो के नारे भी लगाए।
कांग्रेस नेता बजरंग गर्ग ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने देश को संविधान देने का काम किया। उन्होंने हर वर्ग के व्यक्ति के लिए आवाज उठाने का काम किया। सभी जाति, धर्म, वर्ग के लोगों को उनका अधिकार देने का काम किया। ऐसे डॉ. आंबेडकर के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी बेहद निंदनीय है। केंद्र सरकार तुरंत प्रभाव से उनके खिलाफ कार्रवाई करे। अमित शाह अपने बयान के लिए माफी मांगे। जब तक वह माफी नहीं मांगेंगे कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।
गृहमंत्री द्वारा दिए गए बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर के बयान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पर विरोध प्रदर्शन किया। सचिवालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सीटीएम डॉ. रमन गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया।
पदाधिकारियों और पिहोवा से कांग्रेस के विधायक मनदीप चट्ठा एवं शाहाबाद से विधायक रामकरण काला ने कहा कि गृहमंत्री द्वारा आंबेडकर द्वारा दिया गया बयान बाबा साहेब का अपमान है। उन्होंने गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की और भाजपा को संविधान विरोधी पार्टी बताया। इस मौके पर सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।