रोहतक। जैन स्थानक में एक दिन पहले नगर निगम की ओर से की गई तोड़फोड़ पर शनिवार शाम को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय बंसल रेलवे रोड पर पहुंचे और जैन समाज से माफी मांगी। साथ ही कहा कि कार्रवाई करने वाले नगर निगम के कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम रेलवे रोड पर पहुंची और जैन स्थानक के ऊपर बन रही बिल्डिंग के छज्जे के ऊपर की दीवार हथोड़े मारकर तोड़ दी। इससे नाराज जैन समाज के लोगों ने दो घंटे तक न केवल रेलवे रोड पर जाम लगाया, बल्कि निगम की गाड़ियों को भी घेर लिया। एसडीएम व डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह जैन समाज के लोगों को शांत किया। साथ ही उचित कार्रवाई का भरोसा दिया था।
शनिवार शाम को पूर्व मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर व जिला अध्यक्ष अजय बंसल रेलवे रोड स्थित जैन धर्मशाला में पहुंचे और समाज के लोगों के साथ पूरे प्रकरण को लेकर बात की। जैन समाज के लोगों ने अपना दर्द पूर्व मंत्री व जिला अध्यक्ष के सामने रखा। निगम के मेयर मनमोहन गोयल को भी बैठक में पहुंचना था, लेकिन वे हिसार गए हुए थे। सबसे पहले भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल ने माफी मांगी। कहा कि पूरे प्रकरण को पार्टी ने गंभीरता से लिया है। इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी। वहीं, भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि शुक्रवार को जैसे ही उनको सूचना मिली, तत्काल निगम आयुक्त डॉक्टर नरहरि बांगड़ को फोन मिलाया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इसके बाद निगम के संयुक्त आयुक्त महेश कुमार से बात की। साथ ही कहा कि, तत्काल प्रभाव से निगम की टीम को रेलवे रोड को वापस बुलाया जाए। मंदिर के अंदर तोड़फोड़ की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती। निगम के अधिकारियों को कोई परेशानी थी तो समाज के लोगों से बात करते। जानबूझ कर किसी ने इस तरह की कार्रवाई है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
........
पूर्व मंत्री ने दी जैन समाज को सलाह, कॉमिर्शयल हिस्सा अलग किया जाए
जैन समाज के लोगों को पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने सलाह दी कि अगर स्थानक के अंदर कोई कामर्शियल हिस्सा है तो उसे अलग किया जाए। उसकी अलग से प्रॉपर्टी आईडी बनवाई जाए। पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक कमेटी गठित होगी। कमेटी में जैन समाज से तीन-चार प्रतिनिधियों के अलावा वे खुद, मेयर मनमोहन गोयल, जिला अध्यक्ष अजय बंसल व वार्ड पार्षद डिंपल जैन भी शामिल रहेंगी। पूर्व मंत्री ने वार्ड पार्षद डिंपल जैन की इस बात को लेकर सभा के बीच में तारीफ की कि, शुक्रवार को उन्होंने कहा था कि मेरे लिए पहले समाज, बाद में राजनीति है।