02सीटीके29...इलेक्ट्रिक बस में सफर करते यात्री। संवाद
रोहतक। शहर में लोगों काे सुलभ परिवहन सेवा मुहैया कराने के लिए संचालित की गई पांच इलेक्ट्रिक बसों में रविवार को किराया व्यवस्था शुरू हो गई। पहले दिन पांचों बसों ने नए बस स्टैंड और पीजीआई रूट पर करीब 30 चक्कर लगाए। रविवार को अवकाश के बावजूद विभाग को किराये के रूप में 5788 रुपये प्राप्त हुए।
रोडवेज की ओर से शहर में पिछले एक सप्ताह से चलाई जा रही निशुल्क बस सेवा पर रविवार को शुल्क लागू हो गया। सरकार की ओर से सात दिन की निशुल्क सुविधा का समय पूरा होने के चलते इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों ने किराया देकर यात्रा की। रविवार के बावजूद दिन भर में इन बसों में करीब 350 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। यात्रियों से अलग-अलग स्टाॅपेज के लिए 10 से 15 रुपये किराया लिया गया। ठंड और रविवार के चलते सुुबह बसें लगभग खाली रहीं।
यात्रियों ने बस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि कम किराए में एसी बस की सुविधा राहत देने वाली है। गर्मी में ये बसें आराम देने वाली साबित होंगी। शहर को इस तरह की परिवहन सेवा की सख्त जरूरत थी। इससे यात्रा करना आसान होगा। बस पर उसका रूट व आने व जाने का समय भी दर्ज है। इससे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं रहेगी।